पंजाब ने एक बार फिर शिक्षा के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए देश के टॉप परफॉर्मिंग राज्यों में अपनी जगह मजबूत की है। नीति आयोग और शिक्षा से जुड़ी राष्ट्रीय रिपोर्टों में पंजाब के स्कूल एजुकेशन मॉडल की खास सराहना की गई है। सरकारी स्कूलों में सुधार, आधुनिक सुविधाओं का विस्तार और छात्रों के बेहतर प्रदर्शन ने पंजाब को कई बड़े राज्यों से आगे ला खड़ा किया है।
राज्य सरकार का दावा है कि पिछले कुछ वर्षों में शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए लगातार जमीनी स्तर पर काम किया गया। इसका असर अब साफ दिखाई देने लगा है। पंजाब के सरकारी स्कूलों में बच्चों की उपस्थिति बढ़ी है, रिजल्ट बेहतर हुए हैं और निजी स्कूलों से सरकारी स्कूलों की ओर रुझान भी बढ़ रहा है।
मुख्यमंत्री भगवंत मान और शिक्षा विभाग लगातार “शिक्षा क्रांति” अभियान को पंजाब के विकास मॉडल का अहम हिस्सा बताते रहे हैं। शिक्षा में सरकार की कोशिश सिर्फ इमारतों के निर्माण तक सीमित नहीं रहा, बल्कि पढ़ाई के माहौल, शिक्षकों की ट्रेनिंग और आधुनिक शिक्षा पद्धति पर भी दिया गया। कई सरकारी स्कूलों में स्मार्ट क्लासरूम, साइंस लैब, डिजिटल बोर्ड और आधुनिक लाइब्रेरी जैसी सुविधाएं विकसित की गई हैं।
पंजाब में “स्कूल ऑफ एमिनेंस” मॉडल की भी काफी चर्चा हो रही है। इन स्कूलों को आधुनिक शिक्षा केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है, जहां बच्चों को प्रतियोगी परीक्षाओं और करियर आधारित शिक्षा के लिए तैयार किया जाता है। ग्रामीण और गरीब परिवारों के छात्रों को भी अब बेहतर शिक्षा और संसाधन उपलब्ध हो रहे हैं। यही कारण है कि बोर्ड परीक्षाओं में सरकारी स्कूलों के छात्रों का प्रदर्शन लगातार बेहतर हुआ है।
शिक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि पंजाब ने सिर्फ इंफ्रास्ट्रक्चर पर ही नहीं, बल्कि शिक्षा की गुणवत्ता पर भी ध्यान दिया है। शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया को तेज किया गया और ट्रेनिंग प्रोग्राम के जरिए शिक्षण पद्धति में सुधार लाने की कोशिश हुई। कई स्कूलों में अंग्रेजी माध्यम और तकनीक आधारित पढ़ाई को बढ़ावा दिया गया, जिससे छात्रों का आत्मविश्वास बढ़ा है।
हाल ही में जारी रिपोर्टों में यह भी सामने आया कि पंजाब के स्कूलों में ड्रॉपआउट रेट में कमी आई है। खासकर ग्रामीण क्षेत्रों में लड़कियों की शिक्षा को लेकर सकारात्मक बदलाव देखने को मिला है। सरकार द्वारा मुफ्त किताबें, यूनिफॉर्म और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को राहत मिली है।
पंजाब सरकार का कहना है कि शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे क्षेत्रों में निवेश का सीधा फायदा आने वाली पीढ़ियों को मिलेगा। यही वजह है कि शिक्षा को राज्य की प्राथमिकता बनाया गया है।
राष्ट्रीय स्तर पर पंजाब की शिक्षा व्यवस्था को लेकर जो सकारात्मक चर्चा हो रही है, उसने राज्य सरकार को एक बड़ा राजनीतिक और प्रशासनिक नैरेटिव जरूर दिया है।
विशेषज्ञ मानते हैं कि अगर यही गति बनी रही तो पंजाब आने वाले वर्षों में देश का सबसे मजबूत सरकारी शिक्षा मॉडल बन जाएगा। सरकारी स्कूलों में बढ़ता भरोसा और छात्रों का बेहतर प्रदर्शन इस बात का संकेत है कि पंजाब शिक्षा के क्षेत्र में नई पहचान बनाने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
