पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान की तबीयत में अब सुधार देखा जा रहा है। डॉक्टरों के मुताबिक, उनके सभी मेडिकल टेस्ट सामान्य आए हैं। संभावना है कि उन्हें आज अस्पताल से छुट्टी मिल जाएगी। गौरतलब है कि सीएम मान को धड़कन धीमी होने और कमजोरी की शिकायत के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
सेहत बिगड़ने पर दौरे हुए थे रद्द
मुख्यमंत्री की तबीयत बिगड़ने के कारण उन्हें मजबूरन अपने कई कार्यक्रम रद्द करने पड़े। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा रोकना पड़ा और 9 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पंजाब दौरे में भी वे शामिल नहीं हो सके। इस दौरान प्रधानमंत्री ने राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया से सीएम मान की सेहत की जानकारी ली। बाद में राज्यपाल ने अस्पताल पहुंचकर मुख्यमंत्री से मुलाकात भी की।
लगातार कर रहे थे बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा
सीएम भगवंत मान बाढ़ से प्रभावित इलाकों की स्थिति का खुद जायज़ा ले रहे थे। फरीदकोट और फिरोज़पुर जैसे जिलों में उन्होंने नाव के ज़रिए गांवों तक पहुंचकर लोगों की परेशानियां सुनीं। हालांकि, चंडीगढ़ लौटने के बाद 3 सितंबर को उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। पहले इलाज सीएम आवास पर हुआ लेकिन 5 सितंबर की रात उन्हें अस्पताल शिफ्ट करना पड़ा। बीते सात दिनों से वे वहीं इलाजरत थे।
कामकाज पर नज़र, ऑनलाइन कैबिनेट मीटिंग भी की
बीमारी के बावजूद मुख्यमंत्री मान ने सरकारी कामकाज पर ध्यान देना जारी रखा। डॉक्टरों की निगरानी में रहते हुए उन्होंने अधिकारियों के साथ बैठकों के ज़रिए बाढ़ राहत कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। 8 सितंबर को उन्होंने ऑनलाइन कैबिनेट मीटिंग में हिस्सा लिया और बाद में वीडियो संदेश जारी कर जनता को भरोसा दिलाया कि वे जल्द ही उनके बीच होंगे।
मददगारों से की बातचीत, जताया आभार
10 सितंबर को मुख्यमंत्री ने बाढ़ प्रभावित इलाकों में मदद कर रहे लोगों से भी संवाद किया। पंजाबी सिंगर मनकीरत औलख और हंसराज ट्रेडर्स के मालिक प्रीतपाल सिंह हंसराज से वीडियो कॉल पर बातचीत कर उन्होंने उनकी सेवाओं की सराहना की। दोनों ने 150 से अधिक नावों का इंतज़ाम कर लोगों और उनके पशुओं को सुरक्षित निकाला। मुख्यमंत्री ने इस मानवीय सेवा के लिए पंजाब सरकार की ओर से उनका आभार जताया।
जल्द लौटेंगे जनता के बीच
सीएम भगवंत मान ने संकेत दिए हैं कि सेहत में सुधार के बाद वे बहुत जल्द जनता के बीच लौटेंगे और बाढ़ प्रभावित इलाकों का दोबारा दौरा करेंगे। फिलहाल पंजाब सरकार राहत और बचाव कार्यों को तेज़ी से आगे बढ़ा रही है।
