पंजाब की समाजिक न्याय, अधिकारिता एवं अल्पसंख्यक मामलों की मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में राज्य सरकार अनुसूचित जातियों और समाज के हाशिए पर बसे वर्गों के कल्याण के लिए पूरी तरह समर्पित है।
उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार का उद्देश्य सामाजिक समानता और न्याय सुनिश्चित करना है, ताकि हर पात्र व्यक्ति को सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके।
एस.सी. सब-प्लान की समीक्षा बैठक
डॉ. बलजीत कौर ने समाजिक न्याय विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर एस.सी. सब-प्लान (SCSP) के अंतर्गत चल रहे कार्यों की समीक्षा की।
उन्होंने सभी विभागों को निर्देश दिया कि वे शीघ्र रिपोर्ट प्रस्तुत करें कि अनुसूचित जाति समुदाय के हित में जारी की गई राशि से अब तक क्या-क्या कदम उठाए गए हैं।
मंत्री ने कहा कि इस बजट का उपयोग केवल एस.सी. वर्ग के कल्याण के लिए ही किया जाए और कार्यों की सख्त निगरानी सुनिश्चित की जाए।
लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई
डॉ. कौर ने स्पष्ट चेतावनी दी कि समाजिक न्याय विभाग का मुख्य उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर और वंचित लोगों के हितों की रक्षा करना है।
उन्होंने कहा कि योजनाओं को लागू करने में किसी भी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
छात्रवृत्ति और आशीर्वाद योजना की प्रगति
मंत्री ने बैठक के दौरान पोस्ट मैट्रिक स्कॉलरशिप, आशीर्वाद योजना, और डॉ. बी. आर. अम्बेडकर भवनों के निर्माण और नवीनीकरण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की।
उन्होंने निर्देश दिया कि सभी पोर्टलों पर प्राप्त आवेदनों की सत्यापन प्रक्रिया शीघ्र पूरी की जाए और समय पर भुगतान सुनिश्चित किया जाए।
विभागीय अधिकारियों ने जानकारी दी कि वर्ष 2025-26 के लिए पोस्ट मैट्रिक स्कॉलरशिप फॉर एस.सी. स्टूडेंट्स योजना के तहत अब तक लगभग 2.45 लाख आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनकी जांच और भुगतान प्रक्रिया जारी है।
जागरूकता शिविरों के निर्देश
डॉ. बलजीत कौर ने कहा कि सरकार की योजनाओं की जानकारी हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचनी चाहिए।
इसके लिए उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि हर जिले में जागरूकता शिविर आयोजित किए जाएं, ताकि अधिक से अधिक लाभार्थी इन योजनाओं का लाभ उठा सकें।
बैठक में वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
इस बैठक में विभाग के प्रमुख सचिव वी.के. मीना, अतिरिक्त सचिव रविंदर सिंह, निदेशक विम्मी भुल्लर, उपनिदेशक संजीव कुमार मन्नण, नोडल अधिकारी रविंदरपाल सिंह, सुखसागर सिंह, हरपाल सिंह गिल, और अनुसंधान अधिकारी लिवप्रीत कौर विशेष रूप से उपस्थित रहे।
