गुरु ग्रंथ साहिब जी के 328 पवित्र स्वरूपों से जुड़े गंभीर मामले में गठित स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) ने जांच को और तेज कर दिया है। इस संवेदनशील केस को लेकर पंजाब पुलिस पूरी सतर्कता के साथ आगे बढ़ रही है। अमृतसर के पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जांच की ताजा स्थिति की जानकारी दी।
15 जगहों पर एक साथ सर्च ऑपरेशन
पुलिस कमिश्नर ने बताया कि कोर्ट से मिले सर्च वारंट के आधार पर SIT ने कुल 15 स्थानों पर छापेमारी शुरू की है। इनमें चंडीगढ़ की 2 जगहें, अमृतसर शहर की 8 जगहें शामिल हैं। इसके अलावा गुरदासपुर, रोपड़, तरनतारन और अमृतसर के ग्रामीण इलाकों में भी अलग-अलग ठिकानों पर तलाशी ली जा रही है। इन सभी जगहों पर एक साथ कार्रवाई कर अहम सबूत जुटाने की कोशिश की जा रही है।
मुख्य आरोपी गिरफ्तार, रिमांड पर
इस मामले में अब तक सतिंदर सिंह कोहली को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस के अनुसार, वह फिलहाल रिमांड पर है और उससे गहन पूछताछ की जा रही है। SIT की टीमें मुख्य आरोपी के साथ-साथ अन्य संदिग्धों के घरों, दफ्तरों और संभावित ठिकानों की भी तलाशी ले रही हैं।
सबूत जुटाना प्राथमिक लक्ष्य
पुलिस कमिश्नर भुल्लर ने बताया कि जांच का मुख्य उद्देश्य सामने आए सभी तथ्यों, दस्तावेजों और अन्य सबूतों को रिकॉर्ड पर लाना है। टीम यह सुनिश्चित कर रही है कि किसी भी अहम कड़ी को नजरअंदाज न किया जाए। जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ेगी, नए तथ्य सामने आने पर मीडिया को भी जानकारी दी जाएगी।
सीनियर अधिकारी कर रहे हैं निगरानी
इस पूरे जांच प्रक्रिया की निगरानी सीनियर और चीफ इन्वेस्टिगेशन ऑफिसर खुद कर रहे हैं। हर कार्रवाई को बेहद सावधानी और योजना के तहत अंजाम दिया जा रहा है, ताकि जांच में कोई कमी न रह जाए।
निष्पक्ष और सख्त जांच का भरोसा
पुलिस कमिश्नर ने साफ कहा कि यह मामला बेहद संवेदनशील है और जांच पूरी तरह से सबूतों और मेरिट के आधार पर की जा रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि कानून के दायरे में रहकर किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस का मकसद सच्चाई तक पहुंचना और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करना है।
