पंजाब विधानसभा में आज तलवाड़ा बस स्टैंड की खस्ताहाल स्थिति पर चर्चा हुई। इस मुद्दे को दसुआ से विधायक ने उठाया, जिसके जवाब में ग्रामीण विकास और पंचायत मंत्री तरुणप्रीत सिंह सौंद ने जानकारी दी कि बस स्टैंड की इमारत की हालत वाकई में काफी खराब है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही ट्रांसपोर्ट विभाग के साथ तालमेल कर इसकी स्थिति सुधारी जाएगी। मंत्री ने बताया कि फिलहाल पंचायत समिति के पास नई बिल्डिंग के निर्माण के लिए जरूरी फंड उपलब्ध नहीं हैं। ऐसे में जब तक नया निर्माण नहीं होता, तब तक मौजूदा इमारत की मरम्मत की जाएगी। इसके लिए समर्पित फंड या 15वें वित्त आयोग की ग्रांट से मरम्मत का काम किया जाएगा। तरुणप्रीत सिंह सौंद ने यह भी बताया कि साल 2021 में ट्रांसपोर्ट विभाग ने तलवाड़ा बस स्टैंड की नई बिल्डिंग के निर्माण के लिए 2.62 करोड़ रुपये की प्रशासनिक मंजूरी दी थी। लेकिन फंड जारी न होने के कारण निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका। अब दोबारा ट्रांसपोर्ट विभाग से संपर्क कर इस प्रोजेक्ट को दोबारा शुरू करने की योजना है। मंत्री ने कहा कि सरकार चाहती है कि लोगों को अच्छी यातायात सुविधाएं मिलें और यात्रियों को असुविधा से राहत मिले। गौरतलब है कि तलवाड़ा ब्लॉक के इस बस स्टैंड की स्थिति लंबे समय से खराब बनी हुई है, जिससे आम लोगों और यात्रियों को काफी परेशानी हो रही है। बरसात में टपकती छतें और जर्जर दीवारें खतरे का कारण बन चुकी हैं। अब उम्मीद की जा रही है कि सरकार के नए प्रयास से तलवाड़ा का यह बस अड्डा जल्द ही नई सूरत में नजर आएगा और यात्रियों को राहत मिलेगी।
