पंजाब की लुधियाना पश्चिम सीट से उपचुनाव में जीत हासिल करने वाले आम आदमी पार्टी (AAP) के उम्मीदवार संजीव अरोड़ा ने विधायक पद की शपथ ले ली है। पंजाब विधानसभा अध्यक्ष कुलतार सिंह संधवां ने उन्हें शपथ दिलाई। इस मौके पर पार्टी के कई बड़े नेता जैसे मनीष सिसोदिया, पंजाब के अध्यक्ष और मंत्री अमन अरोड़ा समेत अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
क्या बोले केजरीवाल और मान?
बता दें कि चुनाव प्रचार के दौरान ही आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने ऐलान किया था कि अगर संजीव अरोड़ा चुनाव जीतते हैं तो उन्हें मंत्री बनाया जाएगा। इसी बात को मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भी चुनाव नतीजों के बाद दोहराया और कहा कि 4-5 दिनों के भीतर संजीव अरोड़ा को मंत्री पद की जिम्मेदारी दी जाएगी।
अरविंद केजरीवाल से मुलाकात
शपथ लेने से ठीक एक दिन पहले संजीव अरोड़ा ने दिल्ली में अरविंद केजरीवाल से मुलाकात भी की थी। इस मुलाकात की तस्वीरें खुद संजीव अरोड़ा ने अपने सोशल मीडिया पर साझा की थीं। इससे साफ संकेत मिल रहे हैं कि पार्टी नेतृत्व उन्हें कोई महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपने की तैयारी में है।
पार्टी में बढ़ता प्रभाव
संजीव अरोड़ा की जीत न सिर्फ लुधियाना बल्कि पूरे पंजाब के लिए एक महत्वपूर्ण संदेश है। लुधियाना पश्चिम को शहरी इलाका माना जाता है और यहां से आम आदमी पार्टी की जीत को पार्टी की शहरी वोट बैंक में पकड़ के तौर पर देखा जा रहा है। अरोड़ा की साफ-सुथरी छवि और लोगों से जुड़ने का तरीका भी उनकी लोकप्रियता का कारण बना।
क्या है आगे की योजना?
संजीव अरोड़ा को मंत्री बनाने की चर्चा जोरों पर है। पार्टी सूत्रों की मानें तो उन्हें शिक्षा, स्वास्थ्य या उद्योग जैसे किसी अहम मंत्रालय की जिम्मेदारी दी जा सकती है। उनकी पृष्ठभूमि और कारोबारी अनुभव को देखते हुए पार्टी उन्हें सरकार में महत्वपूर्ण भूमिका दे सकती है।
संजीव अरोड़ा की जीत और शपथ ग्रहण के साथ ही आम आदमी पार्टी ने एक बार फिर अपने वादों पर अमल करते हुए जनता को संदेश दिया है कि पार्टी वचनबद्ध है और कर्मठ नेताओं को आगे लाने में विश्वास रखती है। अब सबकी नजरें इस बात पर हैं कि उन्हें कौन-सा मंत्रालय सौंपा जाएगा।
