पंजाब में ड्रग्स के खिलाफ चल रही मुहिम को लेकर आम आदमी पार्टी ने बड़ा कदम उठाया है। पार्टी ने अपने ही विधायक कुंवर विजय प्रताप सिंह को 5 साल के लिए पार्टी से निलंबित कर दिया है। यह फैसला पार्टी की उच्च स्तरीय Political Affairs Committee (PAC) की बैठक में लिया गया।
कुंवर विजय प्रताप ने हाल ही में अकाली दल के नेता विक्रम मजीठिया के खिलाफ विजिलेंस की कार्रवाई पर सवाल उठाए थे। उन्होंने कहा था कि जांच निष्पक्ष नहीं हो रही है और इसमें राजनीति हो रही है। इस बयान के बाद पार्टी ने इसे “पार्टी विरोधी गतिविधि” मानते हुए सख्त फैसला लिया।
पंजाब सरकार और पार्टी का कहना है कि ड्रग्स के खिलाफ लड़ाई पार्टी की विचारधारा का अहम हिस्सा है। इसमें कोई भी राजनीति बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पार्टी ने साफ कर दिया कि जो भी व्यक्ति इस मुहिम में रुकावट बनने की कोशिश करेगा, उसके लिए पार्टी में कोई जगह नहीं है।
यह फैसला आने के बाद राजनीति गर्मा गई है। कुछ लोग इसे कुंवर विजय प्रताप की बोलने की आज़ादी पर हमला बता रहे हैं, तो कुछ इसे पार्टी की सख्ती और स्पष्ट नीति का हिस्सा मान रहे हैं।
कुंवर विजय प्रताप एक रिटायर्ड आईपीएस अधिकारी हैं और 2022 में आम आदमी पार्टी से जुड़कर अमृतसर नॉर्थ सीट से विधायक बने थे। अब देखना होगा कि वे आगे क्या कदम उठाते हैं – पार्टी में वापसी की कोशिश करते हैं या नया राजनीतिक रास्ता चुनते हैं।
