गुरु नगरी श्री आनंदपुर साहिब में आज स्कूल और कॉलेजों के बाहर घूम-घूम कर छात्राओं को परेशान करने वाले सिरफिरे आशिकों की खूब भगदड़ मची। ये नजारा तब देखने को मिला जब स्थानीय पुलिस चौकी के इंचार्ज ए.एस.आई. समरजीत सिंह ने अचानक अपनी टीम के साथ शहर में सख्ती दिखाई।
उन्होंने अपनी पुलिस टीम के साथ मिलकर शहर के सरकारी कन्या स्कूल, खालसा स्कूल और खालसा कॉलेज के आसपास की सड़कों पर सख्त निगरानी की और वहां मंडरा रहे लड़कों को खदेड़ा। कई ऐसे युवक, जो बिना वजह स्कूलों और कॉलेजों के बाहर घूम रहे थे, उन्हें काबू भी किया गया।
पकड़े गए युवकों को पुलिस ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर वे फिर से स्कूल या कॉलेज के आसपास ऐसी हरकतें करते नजर आए, तो उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस बार उन्हें समझाकर छोड़ दिया गया, लेकिन भविष्य में कोई ढील नहीं दी जाएगी।
माता-पिता और छात्राओं ने जताया पुलिस का धन्यवाद
इस पूरी कार्रवाई से स्कूल और कॉलेज की छात्राओं और उनके माता-पिता ने राहत की सांस ली। उन्होंने ए.एस.आई. समरजीत सिंह का धन्यवाद करते हुए अपील की कि इस मुहिम को आगे भी जारी रखा जाए, ताकि बेटियां बिना किसी डर के स्कूल आ-जा सकें।
नशे के खिलाफ भी चलाई सख्त मुहिम
बता दें कि जब से ए.एस.आई. समरजीत सिंह ने चौकी इंचार्ज का कार्यभार संभाला है, उन्होंने न केवल नशे के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की है, बल्कि कई नशेड़ियों को भी गिरफ्तार किया है। अब उन्होंने छेड़छाड़ और लड़कियों को परेशान करने वालों के खिलाफ भी सख्त कदम उठाना शुरू कर दिया है।
शहरवासियों का कहना है कि ऐसी सख्ती से ही माहौल सुरक्षित और अनुशासित बनेगा। लोग चाहते हैं कि पुलिस की यह मुहिम नियमित रूप से जारी रहे, ताकि किसी भी सिरफिरे को ऐसी हरकत करने की हिम्मत न हो।
यह कार्रवाई शहर की सुरक्षा व्यवस्था को और मज़बूत करने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है। पुलिस की सतर्कता से ना सिर्फ छात्राएं सुरक्षित महसूस कर रही हैं, बल्कि उनके माता-पिता भी अब निश्चिंत हैं।
श्री आनंदपुर साहिब की यह पहल अन्य शहरों के लिए एक मिसाल बन सकती है, जहां युवतियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देकर समाज में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है।
