पंजाब पुलिस को एक बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने अभिनेत्री तानिया के पिता पर गोली चलाने की साजिश रचने वाले तीन युवकों को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों के पास से तीन पिस्तौल और 13 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। यह साजिश कनाडा में बैठे कुख्यात गैंगस्टर लखवीर सिंह उर्फ लंडा हरीके द्वारा रची गई थी।
मामले की पुष्टि करते हुए पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने सोशल मीडिया के ज़रिए जानकारी दी कि मोगा पुलिस ने एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) और काउंटर इंटेलिजेंस यूनिट के साथ मिलकर यह ऑपरेशन चलाया। इस दौरान गुरलाल, खुशप्रीत और गुरमंदीप नाम के तीन युवकों को गिरफ्तार किया गया।
शुरुआती जांच में पता चला है कि ये तीनों युवक डॉ. अनिलजीत कम्बोज को मारने की योजना रची थी , जो अभिनेत्री तानिया के पिता हैं। ये आरोपी लंडा हरीके के निर्देशों पर काम कर रहे थे। पुलिस और आरोपियों के बीच मुठभेड़ भी हुई, जिसमें तीनों के पैरों में गोली लगी। उन्हें तुरंत इलाज के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया।
इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दो पिस्तौल (.30 बोर) जिनमें 10 जिंदा कारतूस थे, और एक पिस्तौल (.32 बोर) जिसमें 3 कारतूस थे, बरामद की। साथ ही एक कार भी जब्त की गई है। इस मामले में फतेहगढ़ पंजतोड़ थाने में केस दर्ज कर लिया गया है।
डीजीपी ने बताया कि गुप्त सूचना और तकनीकी सर्विलांस की मदद से पुलिस ने इस टारगेट किलिंग मॉड्यूल को खत्म कर दिया है। इस ऑपरेशन से एक बड़ा खतरा टल गया और आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित हुई।
फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है ताकि पता लगाया जा सके कि इस साजिश में और कौन-कौन शामिल था और विदेश में बैठे लोगों के साथ इनका क्या संपर्क था।
पंजाब पुलिस ने फिर एक बार यह साबित कर दिया है कि वह राज्य में कानून व्यवस्था बनाए रखने और गैंगस्टरों के नेटवर्क को खत्म करने के लिए पूरी तरह मुस्तैद है।
