अमेरिका में वीज़ा धारकों के लिए बड़ी खबर सामने आई है। अमेरिकी दूतावास ने भारत में रह रहे और अमेरिका की यात्रा की तैयारी कर रहे वीज़ा धारकों के लिए सख्त चेतावनी जारी की है। दूतावास ने स्पष्ट किया है कि अमेरिका में हमला, चोरी या किसी भी तरह का कानूनी उल्लंघन करने पर न केवल वीज़ा रद्द किया जा सकता है, बल्कि भविष्य में अमेरिका का वीज़ा दोबारा मिलना भी नामुमकिन हो सकता है।
यह चेतावनी ऐसे समय पर आई है जब कुछ वीज़ा धारकों के अमर्यादित व्यवहार को लेकर चिंता जताई जा रही है। हाल ही में एक भारतीय महिला से जुड़ा मामला चर्चा में आया, जिसमें उसने अमेरिका के एक टारगेट स्टोर में करीब सात घंटे बिताए और 1,300 डॉलर (लगभग 1.1 लाख रुपये) की वस्तुएं चुपचाप इकट्ठी कर लीं। इसके बाद महिला ने बिना भुगतान किए स्टोर से बाहर निकलने की कोशिश की। स्टोर कर्मचारी के टोकने पर मामला सोशल मीडिया पर वायरल हो गया और उसकी गतिविधियों की फुटेज तेजी से फैलने लगी।
कड़ी निगरानी में है वीज़ा धारकों का व्यवहार
दूतावास ने एक आधिकारिक संदेश में कहा, “अमेरिका में हमला, चोरी या अन्य किसी प्रकार का कानून तोड़ना न केवल कानूनी संकट में डाल सकता है, बल्कि इससे आपका वीज़ा तुरंत रद्द किया जा सकता है। इसके साथ ही भविष्य में अमेरिका के वीज़ा के लिए अयोग्य ठहराया जा सकता है।”
संदेश में आगे कहा गया कि अमेरिका अपने कानूनों और व्यवस्था को सर्वोपरि मानता है और यह अपेक्षा करता है कि सभी विदेशी नागरिक उन कानूनों का पूरी तरह पालन करें। कानूनों की अनदेखी करने वाले यात्रियों को न केवल तत्काल कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है बल्कि लंबे समय तक अमेरिका में प्रवेश की मनाही भी हो सकती है।
वीज़ा जांच जारी रहती है वीज़ा जारी होने के बाद भी
अमेरिकी दूतावास ने यह भी स्पष्ट किया कि वीज़ा जांच (Visa Screening) केवल वीज़ा मिलने तक सीमित नहीं रहती, बल्कि वीज़ा जारी होने के बाद भी व्यक्ति के आचरण पर निगरानी जारी रहती है। किसी भी अनुचित व्यवहार की स्थिति में यात्रा की पात्रता समाप्त की जा सकती है।
यह चेतावनी ऐसे समय पर आई है जब अमेरिका की ट्रंप सरकार प्रवासियों को लेकर पहले से ही सख्त रुख अपनाए हुए है। ऐसे में भारतीय वीज़ा धारकों को विशेष सतर्कता बरतनी चाहिए और सभी अमेरिकी नियमों का पालन करना अनिवार्य है।
