पंजाब पुलिस की काउंटर इंटेलिजेंस (CI) टीम ने एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए एक अंतरराष्ट्रीय हथियार तस्करी रैकेट का पर्दाफाश किया है, जिसका सीधा संबंध पाकिस्तान से है। इस अभियान में एक कुख्यात तस्कर हरजिंदर सिंह को गिरफ्तार किया गया है, जो इससे पहले भी ऐसे मामलों में संलिप्त पाया गया है।
विशेष खुफिया सूचना के आधार पर CI अमृतसर की टीम ने अमृतसर-झबाल रोड पर बोहरू पुल के पास एक संदिग्ध वाहन को रोका। तलाशी लेने पर हरजिंदर सिंह की गिरफ्तारी हुई, जो अवैध हथियारों की एक बड़ी खेप को डिलीवर करने जा रहा था। पुलिस के अनुसार, यह मॉड्यूल भारत-पाक सीमा क्षेत्र से हथियारों की खेप मंगवाने और उन्हें पंजाब के विभिन्न जिलों में गैंगस्टरों और आपराधिक तत्वों तक पहुंचाने का कार्य कर रहा था।पुलिस ने हरजिंदर सिंह के कब्जे से 10 अत्याधुनिक .30 बोर पिस्तौल और उनकी मैगज़ीन जब्त की हैं। ये सभी हथियार काफी खतरनाक माने जा रहे हैं और इनका इस्तेमाल संगठित अपराधों में किया जा सकता था।प्रारंभिक पूछताछ में पता चला है कि इस मॉड्यूल के पीछे पाकिस्तान स्थित संचालकों का हाथ है। वे सीमा पार से अपने नेटवर्क के माध्यम से हथियार पंजाब में भेज रहे थे और हरजिंदर जैसे स्थानीय एजेंटों की मदद से इन्हें गैंगस्टरों और अपराधियों तक पहुंचाया जा रहा था। इस मामले में थाना SSOC अमृतसर में FIR दर्ज कर ली गई है और पुलिस की टीमें अब पूरे नेटवर्क की तह तक पहुंचने के लिए तफ्तीश में जुट गई हैं।
पंजाब पुलिस का सख्त रुख:
पुलिस ने कहा कि संगठित अपराध के खिलाफ यह कार्रवाई एक बड़ा कदम है और ऐसी राष्ट्रविरोधी गतिविधियों को किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पंजाब पुलिस पूरी तरह प्रतिबद्ध है कि प्रदेश में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था को बनाए रखा जाए।
इस ऑपरेशन से साफ है कि पंजाब पुलिस संगठित अपराध और सीमा पार से हो रही घुसपैठ व तस्करी के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है।
