लुधियाना ज़िले में स्थित हलवारा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा अब पूरी तरह से उड़ानों के लिए तैयार है। मंगलवार को डिप्टी कमिश्नर हिमांशु जैन ने हवाई अड्डे का दौरा कर अंतिम तैयारियों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वहां चल रहे कार्यों की प्रगति का जायज़ा लिया और संबंधित विभागों को जल्द से जल्द सभी काम पूरे करने के निर्देश दिए।
इस अहम बैठक में लोक निर्माण विभाग (PWD), पब्लिक हेल्थ, PSPCL, एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (AAI), नेशनल हाईवे अथॉरिटी (NHAI), ड्रेनेज विभाग और ठेकेदार कंपनियों के अधिकारी शामिल हुए। सभी से साफ-सफाई, सीसीटीवी कैमरे लगाने और बाकी छोटे-बड़े बचे हुए कार्यों को अगले दो दिनों में पूरा करने को कहा गया।
डिप्टी कमिश्नर ने बताया कि ज़िला प्रशासन AAI और बाकी एजेंसियों के साथ मिलकर पूरी तरह से तालमेल में काम कर रहा है, ताकि एयरपोर्ट का काम तय समय में पूरा हो सके। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि टर्मिनल बिल्डिंग अब पूरी तरह से तैयार और कार्यशील है। इसके अलावा हवाई अड्डे को अधिकारिक रूप से एयरपोर्ट कोड भी मिल चुका है।
हिमांशु जैन ने उम्मीद जताई कि हलवारा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट आने वाले समय में पंजाब के आर्थिक विकास का एक प्रमुख केंद्र बनेगा। यह एयरपोर्ट न केवल औद्योगिक विकास को बढ़ावा देगा, बल्कि निर्यात को भी रफ्तार देगा और स्थानीय लोगों के लिए नए रोज़गार के अवसर खोलेगा।
डिप्टी कमिश्नर ने एयरपोर्ट के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि यह प्रोजेक्ट लुधियाना और आसपास के इलाकों के लोगों के लिए एक बड़ी सुविधा साबित होगा। इससे देश-विदेश की कनेक्टिविटी बेहतर होगी और व्यापार में तेजी आएगी।
अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि कब से यहां से उड़ान सेवाएं शुरू होती हैं। लेकिन प्रशासन का दावा है कि जल्द ही हलवारा एयरपोर्ट उड़ान सेवाओं के लिए जनता के लिए खोल दिया जाएगा।
