भारत और इंग्लैंड के बीच टेस्ट सीरीज का चौथा मुकाबला 23 जुलाई से मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड स्टेडियम में खेला जाएगा। इंग्लैंड इस समय 5 मैचों की सीरीज में 2-1 से आगे है। भारत के लिए यह मैच सीरीज बराबर करने का बेहतरीन मौका है। लेकिन चुनौती आसान नहीं होगी, क्योंकि मैनचेस्टर का रिकॉर्ड भारत के पक्ष में नहीं रहा है।
ओल्ड ट्रैफर्ड में भारत का प्रदर्शन
भारत ने अब तक ओल्ड ट्रैफर्ड में 9 टेस्ट मैच खेले हैं, लेकिन एक भी जीत नहीं मिली है। इनमें से 4 मैचों में भारत को हार का सामना करना पड़ा है जबकि 5 मुकाबले ड्रॉ रहे। भारत ने यहां आखिरी बार 2014 में महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में टेस्ट खेला था, जिसमें उसे पारी और 54 रन से हार झेलनी पड़ी थी।
मौसम की भूमिका
मैनचेस्टर में अगले 5 दिनों तक बादल छाए रहने की संभावना है और हल्की बारिश की भी आशंका जताई जा रही है। इससे मैच में खलल पड़ सकता है और तेज गेंदबाजों को अतिरिक्त स्विंग मिलने की उम्मीद है। इस सीजन की शुरुआत में यहां कुछ काउंटी मैचों में बड़े स्कोर बने, लेकिन तब मौसम साफ था। इस बार स्थिति अलग है।
पिच रिपोर्ट – तेज गेंदबाजों का बोलबाला
ओल्ड ट्रैफर्ड की पिच तेज गेंदबाजों के लिए काफी अनुकूल मानी जाती है, खासकर जब मौसम बादलों से भरा हो। साल 2000 के बाद से यहां 20 टेस्ट मैचों में स्पिनरों को सिर्फ 147 विकेट मिले हैं जबकि पेसर्स ने 477 विकेट झटके हैं। स्पिनरों का औसत लगभग 40 रहा है जबकि तेज गेंदबाजों का औसत 30 से कम है। इस आंकड़े से साफ है कि यहां तेज गेंदबाजों का दबदबा रहता है।
टॉस है अहम
इस मैदान पर टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने वाली टीमें ज्यादा सफल रही हैं। अब तक सिर्फ 4 बार ही कोई टीम लक्ष्य का पीछा करके जीत पाई है। सबसे बड़ा सफल रन चेज 294 रन का है, जो इंग्लैंड ने न्यूजीलैंड के खिलाफ किया था। टॉस जीतने वाली टीम अगर पहले गेंदबाजी करती है, तो उसके जीतने की संभावना काफी कम रही है।
-
2000 के बाद आंकड़े:
-
पहले बल्लेबाजी करने वाली टीमों की जीत: 9
-
पहले गेंदबाजी करने वाली टीमों की जीत: 7
-
ड्रॉ मैच: 4
-
भारत की संभावित प्लेइंग इलेवन
भारत इस अहम मुकाबले में कुछ नए चेहरे उतार सकता है। कप्तान शुबमन गिल के नेतृत्व में टीम मैदान में उतरेगी।
-
भारत: यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, करुण नायर, शुबमन गिल (कप्तान), ऋषभ पंत (विकेटकीपर), साई सुदर्शन, रविंद्र जडेजा, वॉशिंगटन सुंदर, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा/अंशुल कंबोज
इंग्लैंड की संभावित टीम
इंग्लैंड की टीम अपने घरेलू मैदान और मजबूत गेंदबाजी आक्रमण के साथ आत्मविश्वास में होगी।
-
इंग्लैंड: जैक क्राउली, बेन डकेट, ओली पोप, जो रूट, हैरी ब्रूक, बेन स्टोक्स (कप्तान), जैमी स्मिथ (विकेटकीपर), लियाम डॉसन, क्रिस वोक्स, ब्रायडन कार्स, जोफ्रा आर्चर
भारत के लिए मैनचेस्टर टेस्ट बेहद अहम है। पिच और मौसम दोनों तेज गेंदबाजों के पक्ष में हैं, इसलिए टीम चयन और टॉस की भूमिका निर्णायक होगी। क्या भारत पहली बार ओल्ड ट्रैफर्ड में जीत दर्ज कर पाएगा? यह देखना दिलचस्प होगा।
