आय से अधिक संपत्ति के मामले में गिरफ्तार शिरोमणि अकाली दल नेता बिक्रम मजीठिया की ज़मानत याचिका और जेल बैरक बदलने की मांग को लेकर मोहाली अदालत में आज सुनवाई हुई। हालांकि, फिलहाल अदालत से मजीठिया को कोई राहत नहीं मिली है।
सरकार ने दाखिल किया जवाब, बहस अब 30 जुलाई को
सरकार ने अदालत में ज़मानत याचिका पर अपना जवाब दाखिल कर दिया है। अब इस याचिका पर 30 जुलाई को सुबह 10 बजे बहस होगी। मजीठिया के वकील अरशदीप सिंह कलेर ने बताया कि अदालत में दो अलग-अलग याचिकाएं दाखिल की गई थीं — एक ज़मानत के लिए और दूसरी बैरक बदलने की मांग को लेकर।
जेल प्रशासन ने पेश की सीलबंद रिपोर्ट
पिछली सुनवाई में अदालत ने एडीजीपी जेल से एक रिपोर्ट तलब की थी, जिसे आज सीलबंद लिफाफे में पेश किया गया। सरकार की ओर से इस दस्तावेज़ को गोपनीय माने जाने की अपील की गई, जिसे अदालत ने स्वीकार करते हुए रिपोर्ट को मामले की फाइल का हिस्सा बना लिया है।
बैरक बदलने की याचिका पर 2 अगस्त को होगी सुनवाई
मजीठिया के वकीलों को रिपोर्ट की एक प्रति भी प्रदान कर दी गई है। बैरक बदलने से संबंधित याचिका पर अब 2 अगस्त को बहस होगी। फिलहाल मजीठिया 2 अगस्त तक न्यायिक हिरासत में रहेंगे। आज उनकी गिरफ्तारी को पूरा एक महीना हो चुका है।
