पंजाब के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलवीर सिंह के आदेशों के तहत बठिंडा जिले में मच्छर जनित बीमारियों की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीमें सक्रिय हो गई हैं। इस अभियान की निगरानी सिविल सर्जन डॉ. तपिंदरजोत कौंसिल, जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. ऊषा गोयल, जिला एपिडेमियोलॉजिस्ट डॉ. सुकृति शर्मा और सीनियर मेडिकल अफसर डॉ. सीमा गुप्ता द्वारा की जा रही है।
फूल टाउन के सरकारी स्कूलों में पहुंचीं टीमें
स्वास्थ्य विभाग की ओर से मल्टीपरपज़ हेल्थ सुपरवाइज़र बलवीर सिंह संधू के नेतृत्व में फूल टाउन और आस-पास के गांवों के सरकारी व निजी स्कूलों का निरीक्षण किया गया। टीमों ने स्कूल परिसर में मच्छरों की पैदाइश वाली जगहों की पहचान की और मौके पर ही सफाई करवाई, ताकि डेंगू व मलेरिया जैसी बीमारियों को फैलने से रोका जा सके।
घर और आस-पास सफाई रखने का दिया संदेश
स्वास्थ्य विभाग ने स्कूलों में छात्रों और स्टाफ को मच्छरों की रोकथाम के लिए आवश्यक जानकारी दी। साथ ही लोगों को अपने घरों व आसपास की जगहों को साफ-सुथरा रखने के लिए प्रेरित किया गया। टीमों ने बताया कि साफ-सफाई और सतर्कता से डेंगू व मलेरिया से बचाव संभव है।
टीम में शामिल रहे स्वास्थ्य कर्मी
इस अभियान के दौरान मल्टीपरपज़ हेल्थ वर्कर नरपिंदर सिंह, विनोद कुमार, बलदेव सिंह, मलकीत सिंह, जसविंदर सिंह और ब्रीडिंग वर्कर्स की टीम भी मौके पर मौजूद रही। सभी ने मिलकर स्कूली बच्चों को मच्छरों से बचाव के उपायों की जानकारी दी और मच्छरजनित बीमारियों के प्रति सतर्क रहने का संदेश दिया।
स्वास्थ्य विभाग की यह पहल बारिश के मौसम में डेंगू और मलेरिया जैसी बीमारियों के बढ़ते खतरे को रोकने की दिशा में एक अहम कदम है। विभाग का लक्ष्य है कि जन-भागीदारी से स्वस्थ पंजाब की दिशा में काम किया जाए।
