अमृतसर के पवित्र धरती श्री बाबा बकाला साहिब में श्री गुरु तेग बहादुर जी की 350वीं शहादत को समर्पित राज्य स्तरीय समारोह को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया। इस मौके पर पंजाब सरकार के कैबिनेट मंत्री तरुणप्रीत सिंह सौंद, हरभजन सिंह ईटीओ और आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता दीपक बाली उपस्थित रहे।
19 से 25 नवंबर तक राज्य स्तरीय श्रद्धांजलि कार्यक्रम
कैबिनेट मंत्री तरुणप्रीत सिंह सौंद ने जानकारी दी कि पंजाब सरकार द्वारा यह निर्णय लिया गया है कि 19 नवंबर से 25 नवंबर तक इस ऐतिहासिक शहादत दिवस को राज्य स्तरीय कार्यक्रम के रूप में मनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में पूरी कैबिनेट ने इस आयोजन की विस्तृत तैयारी कर ली है।
चार बड़ी धार्मिक यात्राएं निकाली जाएंगी
उन्होंने बताया कि इस समारोह के तहत चार विशाल धार्मिक यात्राएं आयोजित की जाएंगी, जो पंजाब के विभिन्न क्षेत्रों — माज्हा, मालवा, दोआबा — से होकर निकलेंगी। चौथी यात्रा श्रीनगर से आरंभ होगी। ये सभी यात्राएं 22 नवंबर को श्री आनंदपुर साहिब पहुंचेंगी। इसके बाद 23, 24 और 25 नवंबर को श्री आनंदपुर साहिब में तीन दिवसीय मुख्य समागम आयोजित किए जाएंगे।
समारोह होंगे ऐतिहासिक, आने वाली पीढ़ियों के लिए मार्गदर्शक
कैबिनेट मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ ने मीडिया को धन्यवाद देते हुए कहा कि ये समागम न सिर्फ ऐतिहासिक होंगे बल्कि आने वाली पीढ़ियों को गुरु साहिब की कुर्बानी से जोड़ने का माध्यम भी बनेंगे। उन्होंने बताया कि गुरदासपुर से शुरू होने वाली यात्रा अमृतसर, तरनतारन और गोइंदवाल साहिब से होते हुए आनंदपुर साहिब पहुंचेगी।
गुरु साहिब की बाणी को हर धर्म से जोड़ा जाएगा
उन्होंने अपील की कि मीडिया के माध्यम से इस आयोजन की जानकारी देश-विदेश तक पहुंचे, ताकि पूरी पंजाबी संगत इस ऐतिहासिक अवसर से जुड़ सके। इसके साथ उन्होंने यह भी बताया कि समागम से जुड़ी पवित्र स्थलों पर विकास कार्य किए जाएंगे, सड़कें सुधारी जाएंगी और यात्रियों को सभी जरूरी सुविधाएं मुहैया करवाई जाएंगी।
उन्होंने कहा कि गुरु साहिब की वाणी सबके लिए है और जो भी श्रद्धा से हिस्सा लेना चाहे, उसका स्वागत किया जाएगा।
