पंजाबी फिल्म इंडस्ट्री के दिग्गज कॉमेडियन और अभिनेता जसविंदर भल्ला का आज निधन हो गया। 65 वर्षीय भल्ला पिछले काफी समय से बीमार चल रहे थे और बीती रात मोहाली के फोर्टिस अस्पताल में उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके जाने की खबर से पूरी पंजाबी इंडस्ट्री गमगीन हो गई है।
अंतिम संस्कार कल होगा
जानकारी के अनुसार, जसविंदर भल्ला का अंतिम संस्कार 23 अगस्त को दोपहर 12 बजे मोहाली के बलौंगी श्मशान घाट में किया जाएगा। उनके अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में प्रशंसकों और फिल्मी जगत से जुड़े कलाकारों के पहुँचने की संभावना है।
‘चाचा चतरा’ से घर-घर तक पहचान
जसविंदर भल्ला को सबसे ज्यादा लोकप्रियता उनके मशहूर किरदार ‘चाचा चतरा’ से मिली थी। उनकी कॉमेडी टाइमिंग और अलग अंदाज़ ने दर्शकों को हमेशा गुदगुदाया। उन्होंने न सिर्फ फिल्मों में, बल्कि स्टेज शोज़ और टीवी कार्यक्रमों में भी अपनी कला से लोगों को खूब हंसाया।
इंडस्ट्री के लिए अपूरणीय क्षति
भल्ला के निधन पर पंजाबी फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई है। जाने-माने अभिनेता और कॉमेडियन संदीप जीत पतीला ने उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए कहा, “आज मैंने अपना गुरु खो दिया है। मैंने अपने करियर की शुरुआत ‘कैरी ऑन जट्टा’ फिल्म से उन्हीं के साथ की थी। कई रील्स और प्रोजेक्ट्स में भी मुझे उनके साथ काम करने का सौभाग्य मिला। उनकी मौत की खबर बेहद दुखद है।”
सफल फिल्मों में दिखाया जलवा
जसविंदर भल्ला ने अपने करियर में कई हिट पंजाबी फिल्मों में काम किया। इनमें ‘कैरी ऑन जट्टा’, ‘माहौल ठीक है’, ‘जट्ट एयरवेज’ और ‘जट्ट एंड जूलियट 2’ जैसी फिल्में शामिल हैं। हर फिल्म में उन्होंने अपनी कॉमेडी से दर्शकों का दिल जीता और पंजाबी सिनेमा को नई ऊँचाइयों तक पहुंचाया।
यादों में रहेंगे हमेशा
जसविंदर भल्ला का जाना पंजाबी फिल्म इंडस्ट्री के लिए एक बहुत बड़ी क्षति है। उनके चाहने वाले उन्हें हमेशा उनके बेहतरीन किरदारों और लोगों को हंसाने की क्षमता के लिए याद करेंगे। फिल्मी जगत के कलाकारों और प्रशंसकों ने सोशल मीडिया पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी है।
