पंजाब के होशियारपुर जिले के मंडियाला गांव में देर रात एक बड़ा हादसा हो गया। यहां एलपीजी गैस से भरे टैंकर और पिकअप वैन के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भयानक थी कि टैंकर फट गया और देखते ही देखते आसपास आग की लपटें और धमाकों से गांव दहल उठा।
गांव में दहशत, लोग भागे घरों से बाहर
हादसे के तुरंत बाद जोरदार धमाकों और आग की लपटों से पूरा इलाका दहशत में आ गया। गांव के लोग अपने घरों से निकलकर खेतों की ओर भागे, ताकि किसी अनहोनी से बच सकें। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और प्रशासन को सूचना दी, जिसके बाद मौके पर दमकल और बचाव दल पहुंचे और आग पर काबू पाया।
दो लोगों की मौत, कई घायल
इस दर्दनाक हादसे में अब तक दो लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। प्रशासन ने प्रभावित परिवारों को हर संभव मदद का आश्वासन दिया है।
सीएम भगवंत मान ने व्यक्त की संवेदना
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने हादसे पर गहरा दुख जताया और ट्वीट कर कहा, “जिला होशियारपुर के गांव मंडियाला में एलपीजी गैस टैंकर धमाके से हुए हादसे में जान गंवाने वालों को मेरी संवेदनाएं। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति दे और घायलों को जल्द स्वस्थ करे।”
सीएम ने घोषणा की कि हादसे में जान गंवाने वालों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी और सभी घायलों का इलाज मुफ्त कराया जाएगा।
प्रशासन अलर्ट, राहत कार्य जारी
घटना के बाद से प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। पुलिस ने क्षेत्र को सील कर दिया है और मलबे को हटाने का काम जारी है। दमकल विभाग की टीम ने आग पर काबू पा लिया है और हादसे की जांच शुरू कर दी गई है।
