पंजाब में बाढ़ की मार झेल रहे लोगों के लिए अब घग्गर नदी नया खतरा बन गई है। सोमवार सुबह करीब 8 बजे नदी का जलस्तर 70 हजार क्यूसेक से ऊपर पहुंच गया। इससे आसपास के इलाकों में रहने वाले लोगों में दहशत फैल गई है।
डिप्टी कमिश्नर ने दी जानकारी
डिप्टी कमिश्नर कोमल मित्तल ने बताया कि घग्गर नदी के कैचमेंट क्षेत्र में लगातार बारिश और सुखना झील के फ्लड गेट खोलने की वजह से पानी का स्तर तेजी से बढ़ा है। इसकी वजह से डेराबस्सी सब-डिवीजन के किनारे बसे कई गांवों के लिए खतरा बढ़ गया है।
किन गांवों पर मंडराया खतरा
प्रशासन की चेतावनी के अनुसार, घग्गर नदी का बढ़ता पानी टिवाणा, खजूर मंडी, साधांपुर, सरसीनी, आलमगीर, डंगढेरा, मुबारकपुर, मीरपुर और बाकरपुर जैसे गांवों को प्रभावित कर सकता है। इसके चलते मुबारकपुर से ढकोली जाने वाली सड़क को एहतियातन बंद कर दिया गया है।
भारी बारिश ने बढ़ाई मुश्किलें
पहाड़ी क्षेत्रों में हुई तेज बारिश और डेराबस्सी में रातभर हुई मूसलाधार बारिश ने हालात और बिगाड़ दिए हैं। पानी के स्तर में लगातार वृद्धि हो रही है, जिससे स्थानीय लोगों की आवाजाही पर भी असर पड़ सकता है।
प्रशासन ने जारी किए हेल्पलाइन नंबर
लोगों की मदद के लिए जिला प्रशासन ने हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं। डीसी कार्यालय के लिए 0172-2219506 और उपमंडल डेराबस्सी के लिए 01762-283224 पर संपर्क किया जा सकता है।
डीसी कोमल मित्तल ने किया दौरा
बढ़ते जलस्तर को देखते हुए डिप्टी कमिश्नर कोमल मित्तल ने आज घग्गर नदी के टिवाणा बांध का दौरा किया। उन्होंने हालात का जायजा लिया और कहा कि प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।
लोगों से की गई अपील
डीसी ने स्थानीय लोगों से अपील की कि वे नदी के किनारों से दूर रहें और किसी भी तरह की लापरवाही न करें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि प्रशासन हर स्थिति से निपटने के लिए तैयार है और प्रभावित लोगों की सुरक्षा प्राथमिकता होगी।
