पंजाब में संगठित अपराध के खिलाफ चल रहे अभियान को बड़ी सफलता मिली है। एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) ने होशियारपुर जिले के बसी मुदा, बघपुर मंदिर निवासी विपन कुमार को गिरफ्तार किया है।
हथियार बरामद
पुलिस ने उसके कब्जे से एक देसी पिस्तौल (.32 बोर) और छह जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। इस मामले में सिटी खारड़ थाना में एफआईआर दर्ज कर ली गई है और आगे की जांच जारी है।
सनसनीखेज हत्याकांड से जुड़ा आरोपी
प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि विपन कुमार हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के गांव ख्वाजा बसाल में राकेश कुमार उर्फ गग्गी की हत्या में शामिल मुख्य शूटरों में से एक था। यह हत्या दो गैंगों के बीच चली आ रही पुरानी दुश्मनी का नतीजा थी।
गैंगवार का पूरा खेल
पुलिस के मुताबिक यह वारदात विदेशी गैंगस्टर लड्डी भजल उर्फ कूनर और मोनू गुज्जर (रवि बलाचौरिया गैंग) तथा बब्बी राणा (सोनू खत्री गैंग) के बीच चली आ रही गैंगवार का हिस्सा थी। मारा गया राकेश कुमार उर्फ गग्गी, बब्बी राणा का करीबी माना जाता था, जो खुद गैंगस्टर सोनू खत्री का नजदीकी है।
संगठित अपराध पर सख्त रुख
पंजाब पुलिस ने साफ किया है कि वह किसी भी कीमत पर राज्य में गैंगस्टरों और अपराधी गिरोहों को सिर उठाने नहीं देगी। पुलिस का कहना है कि संगठित अपराध नेटवर्क को पूरी तरह तोड़ने और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए लगातार अभियान चलाया जाएगा।
