पंजाब सरकार ने बड़ा फैसला लेते हुए खेलां वतन पंजाब दीआं का चौथा सीजन स्थगित कर दिया है। दरअसल, यह खेल महोत्सव 4 से 13 सितंबर तक आयोजित होना था। इसमें एथलेटिक्स, लंबी कूद, शॉटपुट, कबड्डी (राष्ट्रीय और सर्कल शैली), खो-खो, वॉलीबॉल (स्मैशिंग और शूटिंग) जैसी प्रतियोगिताएँ होने वाली थीं।
खेल महोत्सव का उद्देश्य
यह आयोजन पंजाब का एक प्रमुख राज्य स्तरीय खेल महोत्सव है, जिसका उद्देश्य युवाओं और आम लोगों को खेलों से जोड़ना, शारीरिक तंदुरुस्ती को बढ़ावा देना और ड्रग्स से मुक्त पंजाब बनाने की दिशा में काम करना है। इसमें पैरालंपिक खिलाड़ियों की भागीदारी भी सुनिश्चित की जाती है। इसके साथ ही एंटी-डोपिंग उपायों पर विशेष ध्यान दिया जाता है।
बाढ़ ने बिगाड़े हालात
हालांकि, इस बार खेलों से पहले ही पंजाब में बाढ़ ने भारी तबाही मचा दी है। राज्य के 9 ज़िलों में 1018 गाँव बाढ़ की चपेट में आ चुके हैं। इनमें फाजिल्का, फिरोजपुर, कपूरथला, पठानकोट, तरनतारन, होशियारपुर, मोगा, गुरदासपुर और बरनाला शामिल हैं। हजारों घर और खेत जलमग्न हो गए हैं और फसल को भारी नुकसान हुआ है।
राहत-बचाव में जुटीं टीमें
सरकार की ओर से राहत और बचाव कार्य तेज़ कर दिए गए हैं। चार जिलों में NDRF की 11 टीमें और सेना की टुकड़ियाँ लगातार काम कर रही हैं। इनमें पठानकोट, होशियारपुर और रूपनगर शामिल हैं।
धुसी बाँध टूटने से बढ़ा संकट
गुरदासपुर के घोनेवाले इलाके में रावी नदी के बढ़ते जलस्तर से धुसी बाँध टूट गया, जिससे पानी अजनाला शहर तक पहुँच गया। इस हादसे की वजह से करीब 80 गाँव जलमग्न हो गए हैं। लोग अपने घर छोड़कर सुरक्षित जगहों पर जाने को मजबूर हैं।
