पंजाब के बाढ़ प्रभावित इलाकों में राहत पहुंचाने के लिए आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने बड़ा कदम उठाया है। उन्होंने एमपी लैड्स फंड से 3.25 करोड़ रुपये जारी किए हैं। इसमें से 2.75 करोड़ रुपये गुरदासपुर जिले में बाढ़ सुरक्षा बंधों की मरम्मत और मजबूती के लिए तथा 50 लाख रुपये अमृतसर जिले में राहत और पुनर्वास कार्यों के लिए आवंटित किए गए हैं।
बाढ़ पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना
बाढ़ की वजह से जान गंवाने वाले 30 लोगों को याद करते हुए राघव चड्ढा ने गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि यह पंजाब के लिए बहुत कठिन समय है और हर पंजाबी का दुख उनका व्यक्तिगत दुख है। उन्होंने सभी प्रभावित परिवारों के प्रति प्रार्थना और एकजुटता जताई।
राहत और बचाव में लगे जवानों का आभार
सांसद ने इस मौके पर भारतीय सेना, एनडीआरएफ, बीएसएफ, पंजाब पुलिस, डॉक्टरों, अधिकारियों, एनजीओ और सिविल सोसायटी के साथ-साथ उन युवाओं का भी विशेष धन्यवाद किया जो दिन-रात राहत और बचाव कार्यों में जुटे हुए हैं। उन्होंने कहा कि इन सभी की मेहनत और सेवा ने हजारों लोगों को नई उम्मीद दी है।
“ये फंड मेरे नहीं, पंजाब के हैं”
राघव चड्ढा ने स्पष्ट कहा कि यह पैसा उनका निजी नहीं है, बल्कि पंजाब और पंजाबियों का है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि हर एक रुपये का उपयोग सिर्फ और सिर्फ पंजाब की सेवा और पुनर्निर्माण कार्यों में किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में पारदर्शिता और ईमानदारी सबसे बड़ी प्राथमिकता है।
संसद में उठेगी पंजाब की आवाज़
उन्होंने यह भी भरोसा दिलाया कि वे इस मुद्दे को संसद में जोर-शोर से उठाएंगे और केंद्र सरकार से अधिक से अधिक मदद की अपील करेंगे। उनका कहना था कि जब पूरा पंजाब संकट से गुजर रहा है, तो केंद्र सरकार को भी बिना देरी किए राहत और पुनर्वास में सहयोग करना चाहिए।राघव चड्ढा का यह कदम बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए बड़ी राहत लेकर आया है। एक ओर वे आर्थिक मदद उपलब्ध करा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर केंद्र सरकार से और अधिक सहायता दिलाने की दिशा में सक्रिय भूमिका निभाने का वादा भी कर रहे हैं। उनका यह संदेश साफ है कि पंजाब की सेवा के लिए वे हर स्तर पर खड़े रहेंगे।
