पंजाब में भारी बारिश के चलते हालात बिगड़ते जा रहे हैं। राज्य के सभी 23 जिले बाढ़ की चपेट में हैं और अब तक लगभग 1902 गांव प्रभावित हो चुके हैं। सरकार ने प्रदेश को आपदा प्रभावित क्षेत्र घोषित कर दिया है। हर जिले में गजटेड अधिकारियों को तैनात किया गया है ताकि प्रभावित लोगों को तुरंत मदद पहुंचाई जा सके।
कैबिनेट मीटिंग में बनेगी रणनीति
सूत्रों के अनुसार, पंजाब सरकार की कैबिनेट बैठक आज शाम बुलाई गई है। बैठक की अध्यक्षता मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान करेंगे। इसमें बाढ़ से जुड़ी मौजूदा स्थिति पर फीडबैक लिया जाएगा और राहत व पुनर्वास कार्यों पर कोई बड़ा निर्णय लिया जा सकता है।
सीएम की तबीयत बिगड़ने से दौरा टला
गौरतलब है कि सोमवार को मुख्यमंत्री मान की तबीयत अचानक बिगड़ गई थी, जिसके चलते उन्होंने बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा फिलहाल टाल दिया। हालांकि, सरकार ने आश्वासन दिया है कि प्रभावित नागरिकों को हर संभव मदद प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराई जाएगी।
राहत कार्य जारी
राज्य सरकार और प्रशासन की टीमें बाढ़ग्रस्त इलाकों में लगातार सक्रिय हैं। प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है, वहीं राहत शिविरों में भोजन और दवाइयों की व्यवस्था की गई है। उम्मीद की जा रही है कि कैबिनेट मीटिंग के बाद राहत पैकेज से जुड़े बड़े ऐलान किए जाएंगे।
