पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान की तबीयत में लगातार सुधार हो रहा है। वह पिछले छह दिनों से मोहाली स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती हैं। डॉक्टरों के अनुसार उनकी हेल्थ रिपोर्ट्स सामान्य आई हैं और अब उन्हें कुछ दिन आराम करने की सलाह दी गई है।
राजपाल गुलाब चंद कटारिया ने की मुलाकात
बुधवार को पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया सीएम मान का हालचाल जानने अस्पताल पहुंचे। इस दौरान उनके साथ डीजीपी गौरव यादव समेत कई प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे। मुलाकात के बाद राज्यपाल ने बताया कि मुख्यमंत्री अब पहले से बेहतर महसूस कर रहे हैं और जल्द ही पूरी तरह स्वस्थ हो जाएंगे।
पीएम मोदी भी रहे चिंतित
राज्यपाल कटारिया ने खुलासा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी सीएम मान की तबीयत को लेकर लगातार जानकारी ले रहे थे। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने कई बार स्वास्थ्य अपडेट पूछा और यहां तक कि हेलीकॉप्टर से उतरते ही मान की तबीयत के बारे में बताने के लिए कहा था।
स्वास्थ्य बिगड़ने की वजह
मुख्यमंत्री मान की तबीयत अचानक बिगड़ने की शुरुआत 2 सितंबर को फिरोजपुर दौरे के बाद हुई थी। 3 सितंबर की रात उनकी हालत नाज़ुक हुई और 5 सितंबर की शाम को उन्हें मोहाली के फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। उनकी तबीयत बिगड़ने के कारण राज्य कैबिनेट की बैठक भी स्थगित करनी पड़ी थी।
अरविंद केजरीवाल भी पहुंचे थे चंडीगढ़
मान की तबीयत खराब होने की जानकारी मिलते ही 4 सितंबर की सुबह आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल उनसे मिलने चंडीगढ़ स्थित मुख्यमंत्री आवास पहुंचे थे। इसके बाद सीएम ने स्वास्थ्य कारणों से बाढ़ प्रभावित इलाकों का अपना प्रस्तावित दौरा भी रद्द कर दिया था।
केंद्र से मिले राहत पैकेज का आश्वासन
राज्यपाल ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी ने पंजाब को राहत देने का आश्वासन दिया है। अपने हालिया दौरे में पीएम ने 1600 करोड़ रुपये की टोकन राशि देने की घोषणा की थी। इसके अलावा बचे हुए मुआवज़े का भुगतान विभिन्न एजेंसियों की रिपोर्ट और नुकसान के आकलन के बाद किया जाएगा।
पंजाब को मिलेगा पूरा मुआवज़ा
कटारिया ने कहा कि केंद्र सरकार ने भरोसा दिलाया है कि पंजाब को हुए नुकसान की भरपाई पूरी तरह की जाएगी। उन्होंने बताया कि बाढ़ और लगातार बारिश से पंजाब को हिमाचल प्रदेश से भी ज्यादा नुकसान पहुंचा है, खासकर चार से पांच ज़िलों में हालात बेहद खराब रहे।
फसलों और घरों का होगा मूल्यांकन
केंद्रीय एजेंसियां ज़िलेवार रिपोर्ट और डीसी की जानकारी के आधार पर फसलों, मवेशियों और घरों को हुए नुकसान का आकलन करेंगी। इसके बाद शेष राहत राशि जारी होगी। राज्यपाल ने कहा कि प्रधानमंत्री ने भविष्य में भी पंजाब को सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है, ताकि ऐसी आपदाओं से निपटने में कोई दिक्कत न हो।
