आम आदमी पार्टी के पंजाब प्रदेश अध्यक्ष और कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा ने भारतीय जनता पार्टी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि बीजेपी पहले वोट चोरी करने के लिए कुख्यात थी और अब नोटों की भी चोरी शुरू कर चुकी है। अरोड़ा ने दावा किया कि लोगों से आधार कार्ड और बैंक खातों की जानकारी गलत तरीके से एकत्र की जा रही है, जो बेहद चिंताजनक है।
“निजी जानकारी लेने का हक किसी को नहीं”
अमन अरोड़ा ने सवाल उठाया कि आखिर जनता की निजी जानकारियां लेने का अधिकार बीजेपी को किसने दिया है। उन्होंने कहा कि देश में साइबर ठगी के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। अगर भविष्य में लोगों के बैंक खातों से पैसे गायब होते हैं, तो इसकी जिम्मेदारी कौन लेगा? क्या बीजेपी यह जिम्मेदारी अपने सिर लेगी?
अकाली दल के नेता मजीठिया पर निशाना
शिरोमणि अकाली दल के नेता बिक्रम मजीठिया के मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए अरोड़ा ने कहा कि यह केस “डिसप्रोपोर्शनट एसेट्स” (DA) से जुड़ा है। उन्होंने सवाल किया कि मजीठिया की संपत्ति में जो पैसा आया है, वह आखिर किस स्रोत से आया? क्या यह रकम नशे के कारोबार से आई या फिर भ्रष्टाचार का परिणाम है?
“सच्चाई अदालत में सामने आ जाएगी”
अरोड़ा ने कहा कि अगर मजीठिया निर्दोष हैं, तो उन्हें डरने की कोई जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि अदालत में सच सामने आएगा और न्याय होगा। इसके साथ ही उन्होंने विपक्षी दलों को नसीहत दी कि वे राजनीतिक बयानबाजी करने के बजाय तथ्यों का सामना करें।
