बाढ़ से प्रभावित परिवारों को आज बड़ी राहत मिली। पंजाब के कैबिनेट मंत्री लाल चंद कटारूचक्क और स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने यहां दौरा कर 12 बाढ़ पीड़ित परिवारों को प्रति परिवार 51-51 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की।
प्रभावित गांवों का किया दौरा
दोनों मंत्रियों ने आज भोजा विधानसभा क्षेत्र के बकनौर, पंमा, अंबी खड़खड़ा, कोहलियां अड्डा और अनयाल सहित कई बाढ़ प्रभावित गांवों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों से मुलाकात की और उनके घरों में पहुंचकर मौजूदा हालात की जानकारी ली।
दानदाताओं का किया धन्यवाद
मंत्री लाल चंद कटारूचक्क ने कहा कि इस बार आई बाढ़ ने पूरे पंजाब को प्रभावित किया है। हालांकि लोग अब धीरे-धीरे इस आपदा से उभर रहे हैं। उन्होंने कहा कि संकट की इस घड़ी में मदद के लिए आगे आने वाले सभी दानदाताओं और संगठनों का राज्य सरकार आभार व्यक्त करती है।
NGO की स्थापना पर खुशी जताई
इस मौके पर डॉ. बलबीर सिंह ने जानकारी दी कि लोगों की सहायता के लिए एक नया एनजीओ स्थापित किया गया है। उन्होंने कहा कि इस संगठन के जरिए प्रभावित परिवारों को और भी बेहतर सहायता मिल सकेगी। लाल चंद कटारूचक्क ने इसे एक सराहनीय पहल बताते हुए कहा कि समाजिक सहयोग से ही ऐसे मुश्किल समय का सामना किया जा सकता है।
सरकार लोगों के साथ खड़ी
दोनों मंत्रियों ने भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार हर संभव तरीके से बाढ़ पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि प्रभावितों को आर्थिक मदद के अलावा पुनर्वास और जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में भी तेजी से काम किया जा रहा है।
