आम आदमी पार्टी (AAP) पंजाब ने राज्य आपदा राहत कोष (SDRF) को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेताओं पर बड़ा हमला बोला है। पंजाब के वित्त मंत्री ने कहा कि भाजपा नेता जानबूझकर झूठे दावे कर जनता को गुमराह कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह सब केवल पंजाब सरकार को बदनाम करने की साजिश है, जबकि SDRF से प्राप्त और खर्च किया गया हर एक रुपया सार्वजनिक डोमेन में उपलब्ध है।
सरकार ने रखे आंकड़े सामने
वित्त मंत्री ने 1 अप्रैल 2022 से अब तक केंद्र से प्राप्त धन और राज्य द्वारा किए गए खर्च का पूरा ब्यौरा दिया। उन्होंने बताया कि वित्तीय वर्ष 2022-23 में पंजाब को SDRF से 208 करोड़ रुपये मिले, जिनमें से 61 करोड़ रुपये खर्च हुए। 2023-24 में 645 करोड़ प्राप्त हुए और 420 करोड़ रुपये उपयोग में लाए गए। 2024-25 में राज्य को 488 करोड़ रुपये मिले, जिनमें से 27 करोड़ खर्च हुए। वहीं 2025-26 में अब तक 241 करोड़ रुपये मिले, जिनमें से 140 करोड़ खर्च हो चुके हैं।
कुल राशि और उसका इस्तेमाल
पंजाब सरकार को 1 अप्रैल 2022 से 10 सितंबर 2025 तक केंद्र से कुल 1,582 करोड़ रुपये SDRF के तहत प्राप्त हुए। इनमें से 649 करोड़ रुपये राज्य में विभिन्न राहत और पुनर्वास कार्यों पर पहले ही खर्च किए जा चुके हैं। शेष 933 करोड़ रुपये वर्तमान और आगामी बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के राहत कार्यों में उपयोग के लिए सुरक्षित हैं, ताकि जरूरतमंदों को समय पर मदद पहुंचाई जा सके।
बीजेपी नेताओं पर सीधा वार
AAP नेताओं ने भाजपा नेताओं पर पलटवार करते हुए कहा कि जो लोग कभी पंजाब और उसके अधिकारों के लिए खड़े नहीं हुए, उन्हें सवाल पूछने का नैतिक अधिकार ही नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा नेता केवल राजनीतिक लाभ उठाने के लिए गलत प्रचार कर रहे हैं और संकट की घड़ी में जनता को गुमराह कर रहे हैं।
केंद्र सरकार पर भी उठाए सवाल
वित्त मंत्री ने भाजपा पर ही नहीं, बल्कि केंद्र सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने पूछा कि जब पंजाब का हजारों करोड़ रुपये का वैध बकाया अटका हुआ है, तो भाजपा नेता झूठा प्रचार करने में क्यों लगे हुए हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पूरी पारदर्शिता के साथ राहत कार्य कर रही है और केंद्र को भी राजनीतिक लाभ से ऊपर उठकर पंजाब के अधिकारों को समय पर देना चाहिए।
