चंडीगढ़ और आसपास के इलाकों में एक बार फिर भारी बारिश ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। गुरुवार सुबह से ही शहर में लगातार तेज़ बारिश हो रही है। वहीं हिमाचल प्रदेश में भी झमाझम बरसात के कारण सुखना झील में पानी का स्तर बढ़ गया। इसी वजह से प्रशासन को आज दोबारा झील के फ्लड गेट खोलने पड़े।
पानी का स्तर खतरे के निशान के करीब
जानकारी के अनुसार, सुखना झील में पानी की अधिकतम क्षमता 1162 फीट तक है। जब पानी इस स्तर के करीब पहुंचता है तो बाढ़ की आशंका को देखते हुए फ्लड गेट खोल दिए जाते हैं। आज सुबह भी यही स्थिति बनी और पानी का दबाव घटाने के लिए गेट खोले गए।
आसपास के इलाकों में बढ़ी चिंता
फ्लड गेट खुलने के बाद झील का पानी सीधे सेक्टर-26 से बापूधाम वाली सड़क और उसके बाद किशनगढ़ क्षेत्र में चला जाता है। यहां रहने वाले लोग पानी भरने की समस्या से सबसे ज्यादा प्रभावित होते हैं। पिछले कई दिनों से मौसम सामान्य था और बारिश न होने से इन इलाकों के लोगों ने राहत की सांस ली थी। लेकिन आज की तेज़ बारिश और फ्लड गेट खुलने की वजह से फिर से जलभराव का डर पैदा हो गया है।
प्रशासन की अपील
प्रशासन का कहना है कि हालात पर लगातार नज़र रखी जा रही है और ज़रूरत पड़ने पर राहत दल सक्रिय कर दिए जाएंगे। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि वे निचले इलाकों में सतर्क रहें और अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचें।
