पंजाब में स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत करने के लिए फोर्टिस हेल्थकेयर ने बड़ा ऐलान किया है। कंपनी मोहाली स्थित अपने अस्पताल का विस्तार करने जा रही है। इस पर करीब 950 करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा। यह जानकारी आज पंजाब सरकार के कैबिनेट मंत्री संजेव अरोड़ा ने दी।
पंजाब में निवेश को मिल रहा बढ़ावा
मंत्री अरोड़ा ने कहा कि आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के मार्गदर्शन में “इन्वेस्ट पंजाब” को लगातार सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है। इसका नतीजा है कि राज्य में एक के बाद एक बड़े निवेश आ रहे हैं।
पुराना विवाद हुआ खत्म
उन्होंने बताया कि फोर्टिस अस्पताल से जुड़ा एक पुराना जमीनी मसला काफी समय से अटका हुआ था। लेकिन पंजाब सरकार ने इसे पूरी तरह सुलझा लिया है। अब कंपनी 950 करोड़ रुपये लगाकर मोहाली अस्पताल का विस्तार करेगी। विस्तार के बाद यह अस्पताल करीब 13.5 एकड़ जमीन पर फैला होगा।
हजारों को मिलेगा रोजगार
मंत्री अरोड़ा ने कहा कि इस विस्तार से राज्य के युवाओं को रोजगार के बड़े अवसर मिलेंगे। अनुमान है कि लगभग 5,000 लोगों को रोजगार मिलेगा, जिनमें से 2,500 को सीधा रोजगार और 2,200 को अप्रत्यक्ष रोजगार मिलेगा। साथ ही यह अस्पताल एक मल्टीस्पेशियलिटी हॉस्पिटल के रूप में विकसित होगा, जहां मरीजों को आधुनिक और बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
फोर्टिस हेल्थकेयर की प्रतिक्रिया
इस मौके पर फोर्टिस हेल्थकेयर और कॉर्पोरेट मामलों के प्रमुख मनु कपिला ने कहा कि फोर्टिस का पहला अस्पताल मोहाली में 2001 में शुरू हुआ था। अब जब कंपनी विस्तार कर रही है, तो उसकी शुरुआत फिर से पंजाब से करना गर्व की बात है।
कपिला ने पंजाब सरकार का आभार जताया और कहा कि सरकार ने उनके पुराने मुद्दों को बेहद तेजी से हल किया और सभी मंजूरी समय पर दी। उन्होंने यह भी बताया कि कंपनी भविष्य में जालंधर में नया अस्पताल शुरू करेगी और अमृतसर में भी निवेश बढ़ाने की योजना है।
पंजाब में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती
फोर्टिस का यह निवेश न केवल पंजाब के स्वास्थ्य क्षेत्र को मजबूती देगा, बल्कि राज्य के युवाओं के लिए रोजगार का नया रास्ता भी खोलेगा। साथ ही, आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं मिलने से मरीजों को बड़े शहरों की ओर जाने की जरूरत कम होगी।
इस तरह यह कदम पंजाब को स्वास्थ्य सेवा और निवेश दोनों क्षेत्रों में नई ऊंचाइयों तक ले जाने की दिशा में अहम साबित होगा।
