लुधियाना जिले के साहनेवाल विधानसभा क्षेत्र में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए पंजाब के कैबिनेट मंत्री और विधायक हरदीप सिंह मुंडियां ने शनिवार को 53.04 लाख रुपये की लागत से बनने वाले दो प्रमुख सड़क विकास परियोजनाओं का शिलान्यास किया।
इन परियोजनाओं में सिनेटिक बिजनेस स्कूल से एल.सी. रोड और मेहलोन रोड से पहाड़ूवाल रोड तक सड़कों का निर्माण व सुधार शामिल है। यह दोनों सड़कें क्षेत्र के लोगों की कनेक्टिविटी को आसान बनाएंगी और यात्रा को सुरक्षित व सुविधाजनक करेंगी।
सड़कें होंगी विकास की नई राह
शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान मंत्री मुंडियां ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार प्रदेशवासियों की भलाई और विकास के लिए पूरी तरह वचनबद्ध है। उन्होंने बताया कि इन परियोजनाओं के पूरे होने से न सिर्फ लोगों की आवाजाही सरल होगी, बल्कि स्थानीय व्यापार और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
समय पर पूरा होगा काम
मुंडियां ने भरोसा दिलाया कि यह सड़क प्रोजेक्ट तय समयसीमा के भीतर पूरे किए जाएंगे। इससे क्षेत्र के लोगों को अधिकतम लाभ मिलेगा और उनका सफर न केवल आरामदायक बल्कि सुरक्षित भी होगा। उन्होंने कहा कि अपग्रेड सड़कों से गांवों और कस्बों तक निर्बाध संपर्क सुनिश्चित होगा, जिससे सामाजिक और आर्थिक जीवन दोनों में सुधार आएगा।
स्थानीय लोगों को बड़ी राहत
मंत्री ने बताया कि सड़क ढांचे के सुधरने से ट्रांसपोर्टेशन आसान होगा और स्थानीय उद्योगों को भी मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार लगातार ऐसे विकास कार्यों को प्राथमिकता दे रही है, जो सीधे तौर पर जनता के जीवन पर असर डालते हैं।
विकास की दिशा में प्रतिबद्ध सरकार
कार्यक्रम के अंत में मुंडियां ने कहा कि सड़कें किसी भी क्षेत्र की प्रगति की रीढ़ होती हैं। जब कनेक्टिविटी बेहतर होती है तो शिक्षा, स्वास्थ्य और कारोबार सभी क्षेत्रों में सकारात्मक बदलाव देखने को मिलता है। उन्होंने कहा कि यह परियोजनाएं साहनेवाल ही नहीं, आसपास के क्षेत्रों के समग्र विकास में भी अहम भूमिका निभाएंगी।
