पंजाब कृषि विश्वविद्यालय (पीएयू) के क्षेत्रीय शोध केंद्र में 30 सितंबर को किसान मेला आयोजित किया जाएगा। इस मौके पर पंजाब के कृषि एवं किसान कल्याण, पशुपालन और डेयरी विकास, मत्स्य पालन और फूड प्रोसेसिंग मंत्री गुरमीत सिंह खुड्डियां मुख्य अतिथि होंगे। विश्वविद्यालय के निदेशक डॉ. करमजीत सिंह सेखों ने जानकारी दी कि इस मेले में किसानों की खास दिलचस्पी नई किस्म की गेहूं PBW-872 होगी।
विशेष प्रदर्शनी और तकनीकी जानकारी
मेले में पंजाब कृषि विश्वविद्यालय और अन्य कृषि संबंधी संस्थानों की ओर से विभिन्न प्रदर्शनी लगाई जाएंगी। विशेषज्ञ किसानों को मौके पर ही खेती-बाड़ी और सहायक धंधों से जुड़ी तकनीकी जानकारी देंगे। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता पंजाब कृषि विश्वविद्यालय, लुधियाना के वाइस चांसलर डॉ. सतबीर सिंह गोसल करेंगे।
किसानों और महिलाओं के लिए विशेष आकर्षण
इस मेले में विभिन्न फसलों, सब्जियों और फलों की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। महिलाओं के लिए घरेलू कामकाज और सहायक व्यवसाय से जुड़ी जानकारी और कृषि साहित्य उपलब्ध कराया जाएगा।
किसानों को अपील
निदेशक डॉ. करमजीत सिंह सेखों ने किसानों से अपील की है कि वे अपने परिवार के साथ इस मेले में शामिल होकर नई तकनीक और उन्नत किस्मों की जानकारी प्राप्त करें। उनका कहना है कि यह मेला किसानों के लिए सीखने और जुड़ने का सुनहरा अवसर है।
