कई दिनों से तेज धूप और उमसभरी गर्मी झेल रहे दिल्ली-एनसीआर के लोगों को आज आखिरकार राहत मिल गई। दुर्गा अष्टमी के दिन मौसम ने करवट ली और दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद समेत आसपास के इलाकों में हल्की बूंदाबांदी ने लोगों को खुश कर दिया। बदलते मौसम ने त्योहार का मजा और बढ़ा दिया है।
सोमवार को झुलसाने वाली धूप
सोमवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 34.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। तेज धूप और उमस ने लोगों को बेहाल कर दिया था। मंगलवार को सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे और कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश ने तापमान को नीचे ला दिया।
एयर इंडिया ने जारी की एडवाइजरी
बारिश के असर को देखते हुए एयर इंडिया ने यात्रियों के लिए ट्रैवल एडवाइजरी जारी की है। एयरलाइन ने कहा है कि दिल्ली एयरपोर्ट से उड़ान भरने वाली या वहां उतरने वाली फ्लाइट्स पर असर पड़ सकता है। यात्रियों को सलाह दी गई है कि एयरपोर्ट के लिए निकलने से पहले फ्लाइट की जानकारी जरूर लें और मौसम व ट्रैफिक को देखते हुए अतिरिक्त समय निकालें।
मौसम विभाग का पूर्वानुमान
भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, अरब सागर में बने कम दबाव वाले क्षेत्र की वजह से हवाओं में बदलाव देखने को मिल रहा है। इसका असर दिल्ली-एनसीआर के मौसम पर भी हो रहा है। विभाग का अनुमान है कि अगले कुछ दिनों तक, यानी 3 अक्टूबर तक, मौसम में उतार-चढ़ाव जारी रहेगा। इस दौरान आसमान में बादल छाए रह सकते हैं और बीच-बीच में हल्की बारिश होने की संभावना है।
त्योहार पर मौसम का तोहफा
दुर्गा अष्टमी पर बदले मौसम को लोगों ने राहत भरा तोहफा बताया। कई लोगों ने कहा कि हल्की बारिश और ठंडी हवाओं ने उमसभरी गर्मी से छुटकारा दिला दिया है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में भी लोगों को इसी तरह का सुहावना मौसम देखने को मिल सकता है।
