फोर्ब्स की रियल टाइम बिलेनियर्स इंडेक्स में टेस्ला और स्पेसएक्स के सीईओ एलन मस्क ने एक बार फिर इतिहास रच दिया है। मस्क दुनिया के पहले ऐसे व्यक्ति बन गए हैं जिनकी कुल नेटवर्थ 500 अरब डॉलर के पार पहुँच गई है। इससे पहले भी मस्क 300 और 400 अरब डॉलर नेटवर्थ हासिल करने वाले दुनिया के पहले इंसान बने थे।
शेयरों की तेजी ने किया कमाल
बुधवार को टेस्ला के शेयरों में लगभग 4 प्रतिशत की तेजी देखने को मिली। कारोबारी सत्र के दौरान टेस्ला का शेयर 462.29 डॉलर तक पहुँचा और बंद होते समय 459.46 डॉलर पर रहा। इसी उछाल ने मस्क की नेटवर्थ को 500.1 अरब डॉलर तक पहुँचा दिया। हालांकि बाजार बंद होने तक इसमें थोड़ी गिरावट आई और उनकी संपत्ति कुछ कम हो गई।
लैरी एलिसन दूसरे स्थान पर
फिलहाल, 300 अरब डॉलर नेटवर्थ का आंकड़ा छूने वाले सिर्फ दो ही लोग हैं – एलन मस्क और ओरेकल के फाउंडर लैरी एलिसन। एलिसन इस समय दुनिया के दूसरे सबसे अमीर व्यक्ति हैं।
टेस्ला की बढ़ती वैल्यूएशन
विशेषज्ञों का मानना है कि टेस्ला का शेयर जल्द ही 500 डॉलर तक पहुँच सकता है। अगर आने वाले कारोबारी दिनों में शेयरों की यह तेजी बरकरार रहती है, तो मस्क की संपत्ति और भी बढ़ सकती है।
कैसे बना मस्क का साम्राज्य?
मस्क की अधिकांश संपत्ति उनकी इलेक्ट्रिक कार कंपनी टेस्ला से जुड़ी है। जानकारी के अनुसार, इस साल अब तक टेस्ला के शेयरों में लगभग 14 फीसदी उछाल आया है। मस्क के पास कंपनी के 12.4% से अधिक शेयर हैं। हाल ही में उन्होंने करीब 1 अरब डॉलर मूल्य के अतिरिक्त शेयर खरीदे थे, जिससे निवेशकों का भरोसा बढ़ा और टेस्ला के शेयरों में और तेजी आई।
2020 से अब तक की यात्रा
फोर्ब्स के अनुसार, साल 2020 में एलन मस्क की कुल नेटवर्थ लगभग 25 अरब डॉलर थी। मात्र पाँच सालों में उनकी संपत्ति कई गुना बढ़कर 500 अरब डॉलर तक पहुँच गई। यह न सिर्फ टेस्ला और स्पेसएक्स जैसी कंपनियों की सफलता का नतीजा है बल्कि मस्क की दूरदर्शी निवेश रणनीति का भी परिणाम है।
