पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और आम आदमी पार्टी के सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल ने आज जालंधर में लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) का दौरा किया। इस दौरान दोनों नेताओं ने राज्य के सबसे बड़े बिजली विकास प्रोजेक्ट ‘रोशन पंजाब’ की शुरुआत की। मुख्यमंत्री ने एलान किया कि अब पंजाब के लोगों को बिजली कटों की समस्या से पूरी तरह मुक्ति मिलेगी।
CM भगवंत मान बोले — “अब पंजाब रहेगा रोशन”
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने अपने संबोधन में कहा कि यह दिन पंजाब के लिए ऐतिहासिक है। उन्होंने कहा कि आज के युग में बिजली जीवन की सबसे बड़ी जरूरत है और अब पंजाब बिजली के क्षेत्र में एक बड़ी छलांग लगाने जा रहा है। मान ने बताया कि सरकार ने 5,000 करोड़ रुपये का बिजली प्रोजेक्ट शुरू किया है, जिसमें नई ट्रांसमिशन लाइनों का निर्माण, ट्रांसफॉर्मरों का अपग्रेडेशन और उत्पादन क्षमता बढ़ाने का लक्ष्य रखा गया है।
कोल माइन फिर से चालू, खत्म हुआ ‘अंधकार युग’
मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले पंजाब में बिजली संकट, बंद थर्मल प्लांट और कोयले की कमी की खबरें आम थीं, लेकिन अब ऐसा नहीं है। उन्होंने बताया कि सरकार ने झारखंड में बंद पड़ी पंजाब की कोयला खान को फिर से चालू कर दिया है। आज पंजाब के थर्मल प्लांट्स में 27 दिनों तक का कोयला स्टॉक मौजूद है।
गवर्नमेंट ने खरीदा प्राइवेट थर्मल प्लांट
भਗवंत मान ने खुलासा किया कि पंजाब सरकार ने GBK गोइंदवाल थर्मल प्लांट को एक ऐतिहासिक सौदे में 1,080 करोड़ रुपये में खरीदा है, जबकि इसकी मार्केट वैल्यू करीब 5,000 करोड़ रुपये है। यह देश का सबसे सस्ता सरकारी अधिग्रहण बताया जा रहा है। सरकार ने इस थर्मल प्लांट का नाम “श्री गुरु अमरदास जी गोइंदवाल थर्मल प्लांट” रखा है। मान ने कहा कि यह पहली बार हुआ है जब सरकार किसी प्राइवेट सेक्टर यूनिट को खरीदकर जनता के हित में चला रही है।
90% लोगों को मिल रही फ्री बिजली
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि उनकी सरकार ने पंजाब में 300 यूनिट तक बिजली फ्री करने का वादा पूरा किया है। आज राज्य के 90% घरों को मुफ्त बिजली मिल रही है। उन्होंने कहा, “अब न किसानों को, न उद्योगों को, न आम जनता को बिजली कट की चिंता करनी होगी। पंजाब का हर घर रोशन रहेगा।”
‘रोशन पंजाब’ प्रोजेक्ट के लॉन्च के साथ ही पंजाब सरकार ने राज्य को ऊर्जा आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक और बड़ा कदम बढ़ा दिया है।
