पंजाबी संगीत जगत के लोकप्रिय गायक राजवीर ज्वांदा का गुरुवार को उनके पैतृक गांव पोना (जगराओं) में अंतिम संस्कार किया जा रहा है। बुधवार को उनके निधन की खबर से पूरे पंजाब में शोक की लहर दौड़ गई थी। ज्वांदा के अंतिम संस्कार में हजारों की संख्या में प्रशंसक, कलाकार और राजनीतिक हस्तियां शामिल हुईं।
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने दी अंतिम विदाई
इस मौके पर मुख्यमंत्री भगवंत मान भी पोना गांव पहुंचे और राजवीर ज्वांदा को श्रद्धांजलि अर्पित की। उनके आने से पहले गांव में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे और पुलिस ने बैरिकेड लगाकर रास्ते खाली करवाए। मौके पर मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं जब कलाकारों और प्रशंसकों ने अपने चहेते गायक को अंतिम विदाई दी।
11 दिन तक वेंटिलेटर पर थे राजवीर ज्वांदा
राजवीर ज्वांदा 27 सितंबर को शिमला जाते समय सड़क हादसे का शिकार हो गए थे। गंभीर रूप से घायल होने के बाद उन्हें मोहाली के फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उनके सिर और रीढ़ की हड्डी में गंभीर चोटें पाई गईं। डॉक्टरों के अनुसार, इलाज के दौरान उन्हें दिल का दौरा भी पड़ा था।
प्रशंसकों ने की थी उनके स्वस्थ होने की प्रार्थना
राजवीर पिछले 11 दिनों से वेंटिलेटर पर थे, और उनके प्रशंसक लगातार उनके जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना कर रहे थे। लेकिन बुधवार को उनकी हालत बिगड़ गई और डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनके अचानक निधन से पंजाबी संगीत उद्योग को गहरा झटका लगा है।
