जालंधर: पंजाब पुलिस में नौकरी का सपना देखने वाले युवाओं के लिए बड़ी खबर है। कांस्टेबल भर्ती 2025 के तहत Physical Standard Test (PST) और Physical Measurement Test (PMT) की शुरुआत आज PAP, जालंधर में हो गई है। पंजाब पुलिस प्रमुख डीजीपी गौरव यादव ने इस भर्ती अभियान की जानकारी अपने आधिकारिक एक्स (Twitter) अकाउंट पर साझा की और सभी उम्मीदवारों को शुभकामनाएं दीं।
डीजीपी गौरव यादव ने लिखा, “पंजाब पुलिस की वर्दी पहनने की यात्रा आज से शुरू हो गई है। यह भर्ती अभियान हमारे उस वचन का प्रतीक है जिसके तहत हम एक मजबूत, अनुशासित और सेवा-भावना से ओतप्रोत पुलिस बल तैयार कर रहे हैं।”
उन्होंने बताया कि यह भर्ती अभियान जिला पुलिस और सशस्त्र पुलिस दोनों के लिए चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य ऐसे प्रतिभाशाली युवाओं को मौका देना है जो ईमानदारी, साहस और पेशेवरता के साथ पंजाब की सेवा करना चाहते हैं।
डीजीपी ने सभी उम्मीदवारों से कहा कि वे परीक्षा में पूरी लगन से भाग लें और पंजाब पुलिस की गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाएं। उन्होंने संदेश दिया, “अनुशासन, दृढ़ निश्चय और शारीरिक तैयारी ही सफलता की पहली सीढ़ी है। सपने देखें, प्रशिक्षण लें और सेवा के लिए समर्पित रहें।”
यह भर्ती प्रक्रिया राज्य में युवाओं को रोजगार के साथ-साथ कानून-व्यवस्था की मजबूती में अहम भूमिका निभाएगी।
