जिले की सभी सरकारी स्वास्थ्य संस्थाओं के खुलने और बंद होने के समय में 16 अक्टूबर से बदलाव किया गया है। यह जानकारी सिविल सर्जन डा. संगीता जैन ने दी। उन्होंने बताया कि अब सरकारी अस्पताल और अन्य स्वास्थ्य केंद्र सुबह 9 बजे खुलेंगे और दोपहर 3 बजे बंद होंगे, जबकि आपातकालीन सेवाएं 24 घंटे पहले की तरह जारी रहेंगी।
कौन-कौन सी संस्थाएं शामिल
इस बदलाव के तहत जिला अस्पताल मोहाली, सब-डिवीजनल अस्पताल खरड़ और डेरेबसी, जिले के सभी प्राइमरी हेल्थ सेंटर, कम्युनिटी हेल्थ सेंटर, आम आदमी क्लिनिक, ई.एस.आई. अस्पताल और डिस्पेंसरी शामिल हैं।
रजिस्ट्रेशन काउंटर का समय
डा. जैन ने बताया कि रजिस्ट्रेशन काउंटर अब आधा घंटा पहले खुलेंगे, ताकि मरीजों को संख्या में भीड़ से राहत मिले और वे आराम से अपनी जांच और इलाज करवा सकें। यह व्यवस्था पंजाब सरकार की गाइडलाइन के अनुसार की गई है।
सिविल सर्जन कार्यालय का समय
सिविल सर्जन कार्यालय मोहाली और जिले के संबंधित अस्पतालों के कार्यालयों का समय सवेरे 9 बजे से शाम 5 बजे तक पहले जैसा ही रहेगा। इसमें कोई बदलाव नहीं किया गया है।
मरीजों को मिलेगी सुविधा
इस नए समय से मरीजों को समय पर जांच और इलाज कराने में आसानी होगी। अस्पताल प्रशासन ने यह भी कहा कि आपातकालीन सेवाओं में कोई बदलाव नहीं किया गया है, इसलिए गंभीर मामलों में तुरंत इलाज उपलब्ध रहेगा।
