बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर जनता दल यूनाइटेड (JDU) ने गुरुवार को अपने उम्मीदवारों की दूसरी लिस्ट जारी कर दी। इस लिस्ट में 44 उम्मीदवारों के नाम शामिल हैं। इसके साथ ही पार्टी ने अपने हिस्से की सभी 101 सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा पूरी कर ली है। नीतीश कुमार की पार्टी ने दूसरी सूची में 13 मौजूदा विधायकों पर दोबारा भरोसा जताया, जबकि कई नए चेहरों को मौका दिया गया है।
बीजेपी से लीं चार सीटें, कहलगांव में नया चेहरा
जेडीयू की नई लिस्ट की सबसे बड़ी बात यह है कि पार्टी ने चार नई सीटें अपने खाते में की हैं — जो पहले 2020 के चुनाव में उसके पास नहीं थीं। इनमें कहलगांव, काराकाट और जोकीहाट जैसी सीटें शामिल हैं।
कहलगांव से जेडीयू ने सुभानंद मुकेश को उम्मीदवार बनाया है, जो कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रहे सदानंद सिंह के बेटे हैं। यह सीट पहले बीजेपी के पास थी, लेकिन इस बार पवन यादव का टिकट काट दिया गया है। वहीं, काराकाट से महाबली सिंह और जोकीहाट से मंजर आलम मैदान में हैं। दोनों सीटों पर पिछली बार बीजेपी हार गई थी।
गोपाल मंडल का टिकट कटा, 22 पुराने उम्मीदवारों को दोहराया गया
जेडीयू ने इस बार 15 विधायकों को दोबारा टिकट दिया है, लेकिन गोपाल मंडल का नाम इस सूची में नहीं है। वह भागलपुर की गोपालपुर सीट से मौजूदा विधायक हैं और अपने बयानों के कारण अक्सर चर्चा में रहते हैं। पार्टी ने उन्हें इस बार मौका नहीं दिया।
लिस्ट में शामिल 22 उम्मीदवार 2020 के चुनाव में भी जेडीयू के टिकट पर मैदान में उतर चुके थे, जबकि 18 सीटों पर नए चेहरे उतारे गए हैं।
किन विधायकों को मिला दोबारा मौका
जेडीयू ने अपने विधायकों में से धीरेंद्र प्रताप सिंह (वाल्मीकिनगर), शालिनी मिश्रा (केसरिया), सुधांशु शेखर (हरलाखी), मीणा कामत (बाबूबरही), शीला मंडल (फुलपरास), अनिरुद्ध यादव (निर्मली), रामविलास कामत (पिपरा), विजेंद्र प्रसाद यादव (सुपौल), लेशी सिंह (धमदाहा), ललित नारायण मंडल (सुल्तानगंज), जयंत राज (अमरपुर), मनोज यादव (बेलहर), पंकज मिश्रा (रून्नीसैदपुर) और विजय सिंह निषाद (बरारी) को टिकट दिया है।
इस सूची में जमा खान का नाम भी खास है, जिन्होंने पिछला चुनाव बसपा के टिकट पर जीता था। बाद में उन्होंने जेडीयू जॉइन की और नीतीश कैबिनेट में मंत्री बने। वे बिहार सरकार में एकमात्र मुस्लिम मंत्री थे। इस बार पार्टी ने फिर उन पर भरोसा जताया है।
इसी तरह, चकाई सीट से निर्दलीय विधायक सुमित सिंह को जेडीयू का टिकट दिया गया है। साथ ही, राजद के बागी विधायक चेतन आनंद (शिवहर) को भी पार्टी ने उम्मीदवार बनाया है। वे माफिया डॉन आनंद मोहन और सांसद लवली आनंद के बेटे हैं।
