बिहार विधानसभा चुनाव 2025 से पहले भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने संगठन अनुशासन तोड़ने वाले चार नेताओं पर बड़ी कार्रवाई की है। पार्टी ने इन्हें दल विरोधी गतिविधियों में शामिल पाए जाने के बाद छह साल के लिए निष्कासित कर दिया है। इस फैसले को लेकर बीजेपी ने स्पष्ट किया कि पार्टी अनुशासन से बड़ा कोई नहीं है और जो भी संगठन की मर्यादा लांघेगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
एनडीए प्रत्याशियों के खिलाफ उतरे थे मैदान में
बीजेपी बिहार प्रदेश मुख्यालय प्रभारी अरविंद शर्मा ने पत्र जारी कर जानकारी दी कि संबंधित नेताओं ने पार्टी की नीति के विपरीत जाकर एनडीए के आधिकारिक उम्मीदवारों के खिलाफ चुनाव मैदान में उतरने का फैसला लिया। उन्होंने लिखा, “आपका यह कदम पार्टी की छवि को नुकसान पहुंचाने वाला और पूरी तरह अनुशासनहीनता का प्रतीक है, जिसे किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।”
किन नेताओं पर गिरी गाज
पार्टी से निष्कासित किए गए नेताओं में कहलगांव से पवन यादव, बहादुरगंज से वरुण सिंह, गोपालगंज से अनूप कुमार श्रीवास्तव, और बड़हरा से सूर्य भान सिंह का नाम शामिल है। ये सभी नेता टिकट न मिलने से नाराज़ होकर एनडीए प्रत्याशियों के खिलाफ निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनावी मैदान में उतर गए थे।
बीजेपी का संदेश: संगठन सर्वोपरि
अरविंद शर्मा ने कहा कि बीजेपी एक अनुशासित और विचारधारा-आधारित संगठन है, जहां व्यक्तिगत महत्वाकांक्षाओं से ऊपर संगठन के हितों को रखा जाता है। उन्होंने कहा, “पार्टी के सिद्धांत और एकता हमारे लिए सर्वोपरि हैं। कोई भी ऐसा कदम जो संगठन को नुकसान पहुंचाएगा, उसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।”
बगावत पर लगाम कसने की कोशिश
गौरतलब है कि बिहार में आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनज़र सभी दलों में टिकट वितरण को लेकर असंतोष देखने को मिल रहा है। कई जगहों पर नाराज़ नेताओं ने निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ने का ऐलान किया है। बीजेपी का यह कदम बाकी असंतुष्ट नेताओं के लिए भी एक सख्त संदेश माना जा रहा है कि अनुशासनहीनता की कोई जगह नहीं है।
“केवल एनडीए प्रत्याशी ही पार्टी का चेहरा”
राजनीतिक विशेषज्ञों का कहना है कि इस कार्रवाई से बीजेपी ने यह भी स्पष्ट कर दिया है कि बिहार चुनाव में केवल एनडीए के आधिकारिक प्रत्याशी ही पार्टी का चेहरा होंगे। संगठन ने यह संकेत दिया है कि व्यक्तिगत महत्वाकांक्षाओं को पार्टी के ऊपर नहीं रखा जाएगा, और जो भी ऐसा करने की कोशिश करेगा, उसे बाहर का रास्ता दिखा दिया जाएगा।
