सिखों के नौवें गुरु, श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी पर्व को समर्पित भव्य आयोजन की तैयारियां पंजाब में जोरों पर हैं। इस ऐतिहासिक मौके पर आनंदपुर साहिब में भारत और विदेशों से करीब 1 करोड़ श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है।
श्रद्धालुओं के ठहरने की व्यवस्था के लिए एक विशाल टेंट सिटी बनाई जा रही है, जो 19 नवंबर से 30 नवंबर तक सक्रिय रहेगी। यहां रोजाना लगभग 11,000 लोगों के ठहरने का इंतजाम किया जा रहा है, ताकि किसी को भी असुविधा न हो।
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने राष्ट्रपति को दिया आमंत्रण
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान सोमवार को राष्ट्रपति भवन पहुंचे, जहां उन्होंने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को इस आयोजन में शामिल होने का निमंत्रण दिया। मुख्यमंत्री ने राष्ट्रपति को कार्यक्रमों की रूपरेखा और धार्मिक महत्त्व के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी।
देशभर के नेताओं को भेजा गया निमंत्रण
पंजाब सरकार ने इस ऐतिहासिक अवसर के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत देश के सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों को भी आमंत्रित किया है।
सीएम मान ने कहा कि यह आयोजन केवल पंजाब नहीं, बल्कि पूरे देश की आस्था और एकता का प्रतीक होगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे इस ऐतिहासिक समागम में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और गुरु जी की शिक्षाओं को आत्मसात करें।
