कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने हरियाणा विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा आरोप लगाया है। बुधवार (5 नवंबर) को प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने कहा कि हरियाणा चुनाव के दौरान बड़े पैमाने पर वोट चोरी और धांधली हुई है। राहुल ने इस दौरान एक ब्राजीलियन मॉडल की फोटो लगे हुए वोटर आईडी कार्ड को दिखाया और कहा कि यह साफ सबूत है कि वोटर लिस्ट में फर्जीवाड़ा किया गया है।
ब्राजीलियन मॉडल की तस्वीर ने मचाया बवाल
राहुल गांधी द्वारा दिखाई गई तस्वीर में एक विदेशी महिला का चेहरा था, जिसे बाद में पहचान लिया गया। वह महिला ब्राजील की मशहूर मॉडल और डिजिटल इंफ्लूएंसर लारिसा निकलीं। राहुल के बयान और तस्वीर वायरल होने के बाद, लारिसा खुद सोशल मीडिया पर सामने आईं और इस पूरी घटना पर अपनी प्रतिक्रिया दी।
लारिसा ने वीडियो में जताई हैरानी
लारिसा ने इंस्टाग्राम पर वीडियो पोस्ट करते हुए कहा,
“दोस्तों, मैं आपको एक जोक सुनाने जा रही हूं। क्या वे मेरी पुरानी तस्वीर का इस्तेमाल कर रहे हैं? वह फोटो बहुत पुरानी है जब मैं काफी यंग थी। अब पता चला है कि भारत में वोटर आईडी कार्ड पर मेरी तस्वीर लगाई गई है। यह कितना अजीब है!”
लारिसा ने हंसते हुए कहा कि उन्हें नहीं समझ आ रहा कि किसी ने उनकी तस्वीर का इस्तेमाल कैसे कर लिया। उन्होंने इस घटना को “फनी लेकिन शॉकिंग” बताया।
भारत से कोई संबंध नहीं: लारिसा का बयान
लारिसा ने एक और वीडियो में कहा,
“हेलो इंडिया! मेरा भारतीय राजनीति से कोई लेना-देना नहीं है। मैं कभी भारत नहीं गई हूं। मैं ब्राजील की मॉडल और डिजिटल क्रिएटर हूं। मुझे भारत के लोग बहुत पसंद हैं और मैं सभी को धन्यवाद देना चाहती हूं।”
उन्होंने कहा कि यह वीडियो उन्होंने भारतीय लोगों के लिए बनाया है ताकि यह साफ हो सके कि उनका इस पूरे मामले से कोई संबंध नहीं है।
भारतीय फॉलोअर्स की बाढ़
घटना के बाद लारिसा के सोशल मीडिया अकाउंट पर भारतीय फॉलोअर्स की संख्या तेजी से बढ़ गई। उन्होंने मज़ाकिया लहजे में कहा, “मेरे बहुत सारे भारतीय फॉलोअर्स बढ़ गए हैं। लोग मेरी तस्वीरों पर कमेंट कर रहे हैं कि मैं भारत में वोट देने चली गई थी! लेकिन सच यह है कि मैं वहां नहीं थी, सिर्फ मेरी फोटो थी।”
राहुल गांधी के आरोपों पर मचा राजनीतिक घमासान
राहुल गांधी के आरोपों के बाद देश की राजनीति में हलचल मच गई है। कांग्रेस चुनाव आयोग से इस मामले की जांच की मांग कर रही है। वहीं, भाजपा ने कहा है कि राहुल गांधी बिना जांच के आरोप लगा रहे हैं और माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर रहे हैं।
