भारत की महिला क्रिकेट टीम की दो चमकती सितारे, अमनजोत कौर और हरलीन देओल, जब शुक्रवार को चंडीगढ़ एयरपोर्ट पहुंचीं तो वहां उनका शानदार स्वागत हुआ। दोनों खिलाड़ी वर्ल्ड कप जीतकर भारत लौटीं, और पंजाब सरकार ने उनका सम्मान करते हुए एयरपोर्ट को जश्न के माहौल में बदल दिया।
ढोल-नगाड़ों और फूलों से हुआ स्वागत
शहीद-ए-आज़म भगत सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा, कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा और सांसद मीत हेयर ने दोनों क्रिकेटर्स का गर्मजोशी से स्वागत किया। ढोल की थाप पर उनका अभिनंदन किया गया, फूलों के हार पहनाए गए और शॉल ओढ़ाकर उन्हें सम्मानित किया गया। इस मौके पर मोहाली के डिप्टी कमिश्नर कोमल मित्तल भी मौजूद थे।
परिवार के सदस्य भी अपनी बेटियों की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर फख्र से झूम उठे। दोनों खिलाड़ी फिर अपने-अपने काफिले के साथ विक्ट्री परेड के लिए रवाना हुईं। उनके स्वागत के लिए विशेष रूप से सजे हुए ट्रैक्टर और गाड़ियाँ तैयार की गई थीं, जिन पर उनके नाम के पोस्टर लगे थे।
अमनजोत और हरलीन ने साझा की अपनी भावनाएँ
अमनजोत कौर ने कहा, “यह जीत सिर्फ हमारी नहीं, पूरे पंजाब और भारत की है। सेमीफाइनल के बाद जोश इतना था कि मैच से पहले नींद तक नहीं आई। जीत के बाद हम सब भावुक हो गए।” उन्होंने अपने माता-पिता और कोच को धन्यवाद देते हुए कहा कि “उनके सहयोग के बिना मैं यहां तक नहीं पहुंच सकती थी।”
वहीं, हरलीन देओल ने कहा, “यह पल हमारे लिए बहुत बड़ा है। भारतीय महिला क्रिकेट ने इतिहास रचा है। पंजाब सरकार ने जिस तरह हमारा स्वागत किया है, वह बेहद प्रेरणादायक है।” उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे “अपने सपनों पर भरोसा रखें और मेहनत करते रहें, क्योंकि रब वही सपने पूरे करता है जो सच्चे मन से देखे जाते हैं।”
सरकार की ओर से सम्मान
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भी वीडियो कॉल के ज़रिए टीम को बधाई दी और उनके प्रयासों की सराहना की। पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन ने घोषणा की है कि आने वाले दिनों में हरलीन, अमनजोत और कोच मुनीश बाली को सम्मानित किया जाएगा। अमनजोत और हरलीन को 11-11 लाख रुपये, जबकि कोच बाली को 5 लाख रुपये नकद इनाम मिलेगा।
