श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी वर्ष को समर्पित राज्य-स्तरीय कार्यक्रमों में लापरवाही बरतने पर पंजाब सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। सरकार ने रोपड़ में आरटीओ के पद पर तैनात पीसीएस अधिकारी गुरविंदर सिंह जौहल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
जानकारी के अनुसार, श्री आनंदपुर साहिब में पंजाब सरकार की ओर से इस ऐतिहासिक अवसर पर विशेष लाइट एंड साउंड शो का आयोजन किया गया था। दूर-दराज़ गांवों से संगत को कार्यक्रम तक पहुँचाने के लिए बस सेवा उपलब्ध करवाई गई थी, ताकि लोग आसानी से आयोजन स्थल तक पहुँच सकें। लेकिन आरोप है कि बस सेवा को सही ढंग से संचालित नहीं किया गया और लोगों को समय पर सुविधा नहीं मिली। इस लापरवाही के कारण कई श्रद्धालुओं को परेशानियों का सामना करना पड़ा। इसी गंभीर चूक को देखते हुए सरकार ने संबंधित अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उसे निलंबित कर दिया।
नियमों के मुताबिक, निलंबन की अवधि के दौरान अधिकारी को पंजाब सिविल सेवा नियमावली (वॉल्यूम–1, पार्ट–1) के नियम 7.2 के तहत गुज़ारा भत्ता दिया जाएगा। इसके साथ ही, निलंबन अवधि के दौरान अधिकारी का मुख्यालय चंडीगढ़ निर्धारित किया गया है। अधिकारियों के अनुसार, वह बिना सक्षम प्राधिकरण की अनुमति के अपना मुख्यालय नहीं छोड़ सकेंगे।
सरकार का कहना है कि श्री गुरु तेग बहादुर जी की शहादत को समर्पित ऐसे महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। राज्य सरकार ने स्पष्ट किया है कि संगत को सुविधाएँ उपलब्ध करवाने में किसी भी स्तर पर कमी या ढिलाई पाए जाने पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
