आम आदमी पार्टी के पंजाब प्रधान और कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा ने बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में केंद्र सरकार और भाजपा नेताओं पर कड़ा हमला बोला। उन्होंने कहा कि नौवें पातशाह श्री गुरु तेग बहादुर जी की शहादत को समर्पित ऐतिहासिक कार्यक्रम में केंद्र के मंत्रियों को निमंत्रण भेजा गया, लेकिन इसके बावजूद कोई भी नेता वहां नहीं पहुंचा।
अमन अरोड़ा ने कहा कि यह कार्यक्रम सभी धार्मिक, सामाजिक और राजनीतिक सीमाओं से ऊपर उठकर आयोजित किया गया था, लेकिन केंद्र के नेताओं को इसमें शामिल होने की “सूझ” नहीं आई। इसे उन्होंने गुरु साहिब की शिक्षाओं और उनके महान बलिदान का अपमान बताया।
‘असली विश्व गुरु’ के सम्मान में क्यों नहीं पहुंचे? – अरोड़ा
अमन अरोड़ा ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा अपने आप को “विश्व गुरु” बताती है, लेकिन जब असल में विश्व गुरु माने जाने वाले गुरु तेग बहादुर साहिब जी की शहादत को याद करने का कार्यक्रम हुआ, तब उन्होंने उपस्थिति दर्ज कराने की ज़रूरत नहीं समझी।
उनके अनुसार, यह रवैया दर्शाता है कि भाजपा केवल शब्दों में श्रद्धा दिखाती है, लेकिन असल सम्मान निभाने में नाकाम रहती है।
प्रधानमंत्री पर भी साधा निशाना
अमन अरोड़ा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी सीधा हमला बोला। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का कुरुक्षेत्र आना तो संभव हुआ, लेकिन श्री आनंदपुर साहिब जाकर गुरु साहिब को नमन करना ज़रूरी नहीं समझा गया। इसे उन्होंने “पंजाब, पंजाबी और सिख समुदाय के प्रति नफरत” का संकेत बताया।
अरोड़ा ने कहा कि यदि केंद्रीय नेतृत्व वास्तव में पंजाब और सिख समुदाय के सम्मान की परवाह करता, तो इस ऐतिहासिक मौके पर उनकी उपस्थिति जरूर होती।
