राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में प्रदूषण का स्तर लगातार खराब होता जा रहा है। गुरुवार, 4 दिसंबर की सुबह वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 335 दर्ज किया गया, जो ‘खतरनाक’ श्रेणी में आता है। यह लगातार चौथा दिन है जब हवा इतनी खराब स्थिति में पहुंची है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के मुताबिक आने वाले दिनों में भी हालात में खास सुधार की उम्मीद नहीं है।
कई इलाकों में हवा बेहद खराब
दिल्ली के कई हिस्सों में मंगलवार को एअर क्वालिटी 372 और बुधवार को 342 के आसपास रही। नेहरू नगर में तो यह स्तर 378 तक पहुंच गया था। आरके पुरम, बुराड़ी, आनंद विहार, मुंडका, बवाना, विवेक विहार, अलीपुर, शादीपुर और उत्तर परिसर जैसे इलाकों में हवा की गुणवत्ता लगातार ‘बहुत खराब’ श्रेणी में बनी हुई है।
धुंध, धुआँ और धीमी हवा की वजह से प्रदूषण नीचे बैठने के बजाय हवा में जमा होता जा रहा है, जिससे लोगों की सांस लेने में दिक्कतें बढ़ रही हैं।
अगले कुछ दिनों में नहीं सुधरेगी हवा!
वायु गुणवत्ता पूर्व चेतावनी प्रणाली का कहना है कि आने वाले दिनों में AQI बेहद खराब बना रहेगा। रात में घना कोहरा और दिन में हवा की गति कम होने के कारण प्रदूषित कण हवा में और ज्यादा टिके रहेंगे।
वाहनों से निकलने वाला धुआँ भी बड़ी वजह बना हुआ है — बुधवार को इसका योगदान 16% रहा था, जबकि गुरुवार के लिए इसे लगभग 14.3% रहने का अनुमान है।
दिल्ली-एनसीआर के प्रमुख शहरों में आज की एयर क्वालिटी इस प्रकार रिकॉर्ड हुई:
- दिल्ली — AQI 278
- नोएडा — 268
- गाजियाबाद — 313
- गुरुग्राम — 276
- ग्रेटर नोएडा — 274
इन आंकड़ों से साफ है कि पूरी एनसीआर में हवा गंभीर रूप से खराब बनी हुई है।
तापमान में गिरावट, दिसंबर का सबसे ठंडा दिन
प्रदूषण के साथ-साथ सर्दी ने भी लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। बुधवार, 3 दिसंबर को दिल्ली में दिसंबर का सबसे ठंडा दिन रिकॉर्ड किया गया।
- अधिकतम तापमान — 23.7°C (सामान्य से 1.6°C कम)
- न्यूनतम तापमान — 5.1°C (सामान्य से 4°C कम)
आईएमडी ने गुरुवार को भी मध्यम कोहरा छाने के आसार बताए हैं। अधिकतम तापमान 23°C और न्यूनतम तापमान 6°C तक रहने की संभावना है।
अगले 48 घंटे होंगे चुनौतीपूर्ण
आईएमडी के वरिष्ठ वैज्ञानिकों का कहना है कि दिल्ली-NCR में अब ठंड का कड़ा दौर शुरू हो चुका है। 4 दिसंबर के बाद रात का तापमान और नीचे जा सकता है। दिन में चलने वाली उत्तर-पश्चिमी हवाएँ भी तापमान को काफी गिरा सकती हैं।
आज दिल्ली का न्यूनतम तापमान लगभग 5°C तक पहुंचने का अनुमान है, जबकि नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम, फरीदाबाद और ग्रेटर नोएडा में यह 8°C के आसपास रह सकता है।
दिन का अधिकतम तापमान 22°C के आस-पास रहेगा।
प्रदूषण और तेज़ी से गिरते तापमान का यह कॉम्बिनेशन आने वाले 48 घंटे दिल्ली-एनसीआर के लिए सबसे चुनौतीपूर्ण बना सकता है।
