सोने के दाम नीचे आए। आज सुबह MCX पर गोल्ड फ्यूचर्स में 0.17% की गिरावट दर्ज की गई और कीमत ₹1,29,854 प्रति 10 ग्राम पर आ गई। यह लगातार दूसरा दिन है जब सोने के भाव फिसले हैं। वहीं, चांदी ने उलटा रुख दिखाया और 0.66% की बढ़त के साथ ₹1,79,309 प्रति किलोग्राम पर कारोबार करती नजर आई।
अंतरराष्ट्रीय बाज़ार में भी दबाव में सोना
दुनियाभर में सोने पर बिकवाली का दबाव देखने को मिल रहा है। COMEX पर भी गोल्ड की कीमतों में गिरावट जारी है जबकि चांदी के भाव में बढ़त देखी गई है। वैश्विक स्तर पर निवेशक अगले हफ्ते होने वाली अमेरिकी फेडरल रिजर्व मीटिंग को लेकर सतर्क हैं, जिसका असर कीमती धातुओं की कीमतों पर साफ दिख रहा है।
दिल्ली के सर्राफा बाजार में 600 रुपये तक की गिरावट
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के फिजिकल मार्केट में भी सोने ने कमजोरी दिखाई। आज 99.9% शुद्धता वाले सोने की कीमत 600 रुपये गिरकर ₹1,31,600 प्रति 10 ग्राम पर आ गई। बुधवार को यह कीमत ₹1,32,200 थी।
चांदी में भी गिरावट का सिलसिला जारी रहा और यह ₹900 टूटकर ₹1,80,000 प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई। पिछले सत्र में यह ₹1,80,900 पर बंद हुई थी।
फेडरल रिजर्व की मीटिंग से पहले निवेशक सतर्क
बाजार विशेषज्ञों के अनुसार, सोने के भाव में कमजोरी की सबसे बड़ी वजह है—निवेशकों की सावधानी। सभी की नजरें अब फेडरल ओपन मार्केट कमेटी (FOMC) की पॉलिसी मीटिंग पर हैं, जहां ब्याज दरों को लेकर बड़ा फैसला आ सकता है।
कमजोर ग्लोबल सेंटीमेंट और खरीदारी की कमी भी कीमतों में गिरावट का कारण बनी हुई है।
अमेरिकी आंकड़ों का भी पड़ा असर
अमेरिका के हालिया रोजगार आंकड़ों में नवंबर महीने में वेतन वृद्धि में बड़ी गिरावट दर्ज की गई है, जो 2023 के बाद सबसे कम स्तर पर है। इससे मार्केट में यह उम्मीद बढ़ गई है कि फेड आने वाले समय में ब्याज दरें कम कर सकता है।
सोना इस समय अंतरराष्ट्रीय बाजार में करीब $4,193 प्रति औंस के स्तर पर ट्रेड कर रहा है। चांदी दुनिया भर में करीब 2% टूटकर $57.34 प्रति औंस पर पहुंच गई है। बुधवार को यह $58.97 प्रति औंस, यानी रिकॉर्ड स्तर पर थी।
क्यों प्रभावित होती हैं सोने-चांदी की कीमतें?
विशेषज्ञों का कहना है कि ब्याज दरों में बढ़ोतरी या कटौती का सीधा असर सोने और चांदी की मांग पर पड़ता है। ब्याज दरें घटने की उम्मीद बढ़ने पर निवेशक सोने की ओर रुख करते हैं, जबकि दरों के बढ़ने की संभावना से गोल्ड कमजोर पड़ता है।
