देश की सबसे बड़ी एयरलाइन IndiGo इन दिनों भारी संकट से जूझ रही है। हजारों यात्रियों की यात्रा योजनाएँ प्रभावित हो रही हैं, हवाई अड्डों पर लंबी कतारें देखी जा रही हैं और कई महत्वपूर्ण रूटों पर किराया रिकॉर्ड स्तर तक पहुंच गया है। पायलटों के ड्यूटी नियमों में बड़े बदलाव के बाद इंडिगो का पूरा सिस्टम अस्त-व्यस्त हो गया है, जिससे देशभर में उड़ानें रद्द और देरी की शिकार हो रही हैं।
रूट्स पर किराया 10 गुना तक बढ़ा
इंडिगो की उड़ानों के रद्द होने का सीधा असर टिकट कीमतों पर पड़ा है। 5 दिसंबर को कई घरेलू रूटों पर किराया 5 से 10 गुना तक बढ़ गया। प्रमुख रूटों का हाल इस प्रकार है:
-
दिल्ली-चेन्नई : ₹68,932 (स्पाइसजेट, 7 घंटे 25 मिनट की कनेक्टिंग फ्लाइट)
-
दिल्ली-बेंगलुरु : ₹39,101 (अकासा एयर)
-
अहमदाबाद-मुंबई : ₹20,359 (इंडिगो)
-
कोलकाता-मुंबई : ₹31,444 (अकासा एयर)
-
कोलकाता-बेंगलुरु : ₹24,176
-
पुणे-कोलकाता : ₹24,948 (इंडिगो)
-
पुणे-हैदराबाद : ₹17,501 (स्टार एयर)
इसके अलावा, अन्य रूटों पर भी भारी उछाल देखने को मिला:
-
दिल्ली-मुंबई (7 दिसंबर) : ₹25,000
-
पुणे-कोलकाता (एयर इंडिया) : ₹69,000
-
दिल्ली-पटना : ₹29,000
-
दिल्ली-बेंगलुरु (रविवार) : ₹33,229
घरेलू किराया इंटरनेशनल से भी महंगा
अजीब स्थिति यह रही कि घरेलू किराया अंतरराष्ट्रीय उड़ानों से भी अधिक हो गया।
-
दिल्ली-मुंबई नॉन-स्टॉप : ₹35,952
-
दिल्ली-दुबई : ₹23,000
-
बेंगलुरु-दुबई : ₹18,000
इससे साफ है कि घरेलू सेक्टर में अचानक डिमांड बढ़ने और सप्लाई घटने से यात्रियों को भारी कीमतें चुकानी पड़ रही हैं।
इंडिगो ने 580 से ज्यादा उड़ानें रद्द कीं
देशभर में उड़ानों के रद्द होने से भारी अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
-
दिल्ली : 220+ उड़ानें रद्द
-
बेंगलुरु : 100+ उड़ानें रद्द
-
हैदराबाद : 90+ उड़ानें प्रभावित
-
कोलकाता : दर्जनों उड़ानें रद्द और देरी
-
तिरुवनंतपुरम : लगातार तीन दिन संचालन बाधित
दिल्ली एयरपोर्ट ने यात्रियों को टर्मिनल के लिए निकलने से पहले फ्लाइट स्टेटस चेक करने की सलाह दी है।
संकट की वजह: पायलटों के नए नियम
इंडिगो ने इस संकट के लिए संशोधित उड़ान और ड्यूटी समय सीमा नियमों को जिम्मेदार बताया है। नए नियमों ने पायलट की उपलब्धता पर बड़ा असर डाला है:
-
साप्ताहिक अनिवार्य आराम 36 घंटे से बढ़ाकर 48 घंटे
-
रात में लैंडिंग की सीमा 6 से घटाकर 2 प्रति सप्ताह
-
नाइट ड्यूटी समय बढ़ाया गया, जिससे उपलब्ध ड्यूटी और कम हुई
-
सख्त रोस्टरिंग नियमों से शेड्यूलिंग मुश्किल हुई
इंडिगो ने इस स्थिति के लिए ग्राहकों से माफी भी मांगी है।
