शनिवार रात लुधियाना के फिरोजपुर रोड स्थित वेस्ट एंड मॉल में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब ग्राउंड फ्लोर पर मौजूद एक कपड़ों की दुकान में अचानक आग लग गई। यह घटना देर रात हुई, जब मॉल में बड़ी संख्या में लोग खरीदारी और मनोरंजन के लिए मौजूद थे।
बिलिंग काउंटर से उठी आग
जानकारी के अनुसार, आग सबसे पहले दुकान के बिलिंग सेक्शन में लगी। देखते ही देखते आग से घना धुआं पूरे ग्राउंड फ्लोर में फैल गया। धुएं को देखकर वहां मौजूद सैकड़ों ग्राहक घबराकर सुरक्षित स्थान की ओर भागने लगे। हालात को भांपते हुए मॉल के पांच मंजिला भवन में लगे फायर अलार्म सायरन बजने लगे।
अलार्म बजते ही खाली कराया गया मॉल
फायर अलार्म बजते ही अन्य दुकानदारों ने भी तुरंत अपनी दुकानें बंद कर दीं और बाहर निकल आए। मॉल प्रशासन ने शुरुआत में अपने स्तर पर आग बुझाने वाले उपकरणों से आग पर काबू पाने की कोशिश की, लेकिन जब आग तेजी से फैलने लगी तो तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई।
सिनेमा हॉल से सुरक्षित निकाले गए लोग
इसी दौरान मॉल के सिनेमा हॉल में भी बड़ी संख्या में लोग फिल्म देख रहे थे। आग की सूचना मिलते ही सिनेमा हॉल में मौजूद दर्शकों को भी बिना किसी भगदड़ के सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। राहत की बात यह रही कि इस पूरी घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू
फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं और तुरंत बचाव व राहत कार्य शुरू किया गया। करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। फायर ऑफिसर राजिंदर ने बताया कि आग बुझाने के लिए तीन फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर तैनात रहीं और रात करीब 12:15 बजे तक ऑपरेशन चला।
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। बताया गया कि आग सबसे पहले बिलिंग सेक्शन में लगी और फिर पूरे स्टोर में फैल गई। आग की लपटें देखकर आसपास की दुकानों के कर्मचारी भी समय रहते बाहर निकल आए और अपनी जान बचाई।
भारी नुकसान की आशंका
हालांकि किसी के घायल होने की खबर नहीं है, लेकिन आग से कपड़ों की दुकान को काफी नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है। प्रशासन मामले की जांच कर रहा है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
