साल 2025 में सोना और चांदी दोनों ने कीमतों के मामले में इतिहास रच दिया है। शेयर बाजार की अस्थिरता के बीच निवेशकों का भरोसा एक बार फिर सुरक्षित निवेश विकल्पों पर बढ़ा है। चांदी ने इस साल अब तक करीब 135 प्रतिशत से ज्यादा का उछाल दर्ज किया है, जबकि सोना भी लगातार नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचता रहा है। हालांकि शुक्रवार को शुरुआती कारोबार में सर्राफा बाजार में हल्की नरमी देखने को मिली।
आपके शहर में क्या हैं ताजा दाम
देश के प्रमुख शहरों में सोने और चांदी की कीमतें ऊंचे स्तर पर बनी हुई हैं। चांदी फिलहाल करीब 2,11,100 रुपये प्रति किलो के आसपास कारोबार कर रही है। आर्थिक राजधानी मुंबई में 24 कैरेट सोना 1,34,850 रुपये प्रति 10 ग्राम और 22 कैरेट सोना 1,23,610 रुपये प्रति 10 ग्राम पर ट्रेड करता दिखा। यह कीमतें जीएसटी और मेकिंग चार्ज के बिना हैं।
अन्य शहरों में सोने का हाल
दिल्ली और जयपुर में 24 कैरेट सोना करीब 1,35,000 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर बना हुआ है। अहमदाबाद में यह लगभग 1,34,900 रुपये है, जबकि पुणे, हैदराबाद, बेंगलुरु और कोलकाता में 24 कैरेट सोना 1,34,850 रुपये के आसपास दर्ज किया गया।
22 कैरेट सोने की बात करें तो दिल्ली और जयपुर में इसके दाम 1,23,760 रुपये, अहमदाबाद में 1,23,660 रुपये और पुणे, हैदराबाद, चेन्नई, बेंगलुरु व कोलकाता में 1,23,610 रुपये प्रति 10 ग्राम रहे।
अंतरराष्ट्रीय संकेत भी अहम
वैश्विक स्तर पर भी सोने की सप्लाई से जुड़े आंकड़े अहम संकेत दे रहे हैं। स्विस कस्टम्स के ताजा आंकड़ों के मुताबिक नवंबर महीने में स्विट्जरलैंड से सोने के निर्यात में करीब 15 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई है। फरवरी के बाद भारत को होने वाले शिपमेंट में यह सबसे बड़ी कमी मानी जा रही है।
भारत को सोने का आयात घटा
आंकड़ों के अनुसार, अक्टूबर में भारत को जहां 26 टन सोना भेजा गया था, वहीं नवंबर में यह घटकर सिर्फ 2 मीट्रिक टन रह गया। इसके उलट चीन समेत अन्य देशों को सोने का निर्यात बढ़ा है, जो 2 टन से बढ़कर 12 टन तक पहुंच गया है।
आगे क्या कहते हैं जानकार
विशेषज्ञों का मानना है कि वैश्विक भू-राजनीतिक तनाव, डॉलर के मुकाबले रुपये की कमजोरी, ऊंची महंगाई और सुरक्षित निवेश की बढ़ती मांग के चलते सोना और चांदी लंबे समय में मजबूत बने रह सकते हैं। हालांकि अल्पकाल में मुनाफावसूली के कारण कीमतों में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है।
कैसे तय होती हैं सोने-चांदी की कीमतें
सोने और चांदी के दाम रोजाना कई कारकों के आधार पर तय होते हैं। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इनकी कीमत डॉलर में तय होती है, इसलिए डॉलर-रुपया विनिमय दर का सीधा असर पड़ता है। इसके अलावा आयात शुल्क, जीएसटी, वैश्विक हालात, महंगाई और भारत में शादी-ब्याह व त्योहारों की मांग भी कीमतों को प्रभावित करती है। यही वजह है कि सोना-चांदी निवेशकों के लिए हमेशा खास बने रहते हैं।
