पंजाब सरकार राज्य के लोगों को बड़ी राहत देने जा रही है। 15 जनवरी 2026 से पंजाब में 10 लाख रुपये तक मुफ्त इलाज की हेल्थ इंश्योरेंस स्कीम शुरू की जाएगी। इस बात की जानकारी पंजाब के हेल्थ मिनिस्टर डॉ. बलबीर सिंह ने चंडीगढ़ में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान दी। उन्होंने बताया कि इस योजना को मुख्यमंत्री भगवंत मान और आम आदमी पार्टी के सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल लॉन्च करेंगे।
3 करोड़ लोगों को मिलेगा हेल्थ इंश्योरेंस कवर
हेल्थ मिनिस्टर के मुताबिक, इस स्कीम से पंजाब की लगभग 3 करोड़ आबादी को हेल्थ इंश्योरेंस का फायदा मिलेगा। योजना के तहत राज्य के करीब 65 लाख परिवारों को सालाना 10 लाख रुपये तक का कैशलेस इलाज उपलब्ध कराया जाएगा। सरकार का दावा है कि यह पंजाब की अब तक की सबसे बड़ी हेल्थ स्कीम होगी।
9 हजार से ज्यादा सेंटर और कैंप लगाए जाएंगे
डॉ. बलबीर सिंह ने बताया कि योजना को ज़मीन पर लागू करने के लिए राज्यभर में 9,000 से ज्यादा कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) पर हेल्थ कार्ड जारी किए जाएंगे। इसके अलावा शहरों और गांवों में विशेष कैंप भी लगाए जाएंगे। एक बार रजिस्ट्रेशन होने के बाद व्यक्ति इलाज के लिए तुरंत पात्र हो जाएगा, जबकि कार्ड बनने में 10 से 15 दिन का समय लगेगा। सरकार का लक्ष्य है कि चार महीने के भीतर पूरे पंजाब को कवर कर लिया जाए।
कम फॉर्मैलिटी, आसान प्रक्रिया
इस स्कीम की खास बात यह है कि इसमें ज्यादा कागजी कार्रवाई नहीं होगी। पंजाब का आधार कार्ड या वोटर आईडी कार्ड रखने वाला कोई भी व्यक्ति इस योजना का लाभ उठा सकेगा। न तो आय की कोई शर्त है और न ही जाति या वर्ग का बंधन।
सरकारी कर्मचारी और पेंशनर्स भी शामिल
हेल्थ मिनिस्टर ने साफ किया कि इस योजना में सरकारी कर्मचारी, पेंशनर्स और आम नागरिक सभी शामिल होंगे। बस जरूरी शर्त यह है कि लाभार्थी पंजाब का निवासी हो और उसके दस्तावेज पंजाब के हों।
आम आदमी क्लिनिक की सफलता का जिक्र
डॉ. बलबीर सिंह ने कहा कि पंजाब के आम आदमी क्लिनिक पहले ही बड़ी संख्या में लोगों को फायदा पहुंचा रहे हैं। अब तक करीब 4.59 करोड़ लोग इन क्लिनिकों से मुफ्त दवाइयां और जांच करवा चुके हैं। अस्थमा, डायबिटीज और दूसरी पुरानी बीमारियों से जूझ रहे लोग नियमित इलाज ले रहे हैं।
दूसरे राज्यों और देशों की नजर
मंत्री ने यह भी बताया कि पंजाब की हेल्थ मॉडल में दूसरे राज्यों और कुछ अंतरराष्ट्रीय देशों ने भी रुचि दिखाई है। सरकार को उम्मीद है कि यह नई स्कीम पंजाब के हेल्थ सिस्टम को और मजबूत बनाएगी और आम लोगों पर इलाज का आर्थिक बोझ कम करेगी।
